ठंड का असर अब धनबाद में कम होने लगा। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। नवंबर से लगातार ठिठुरा रही ठंड का असर अब कम होने लगा है। दिन में ठंड अब लगभग विदा ले चुकी है। रात में ठंडक बरकरार है पर ठिठुरन जैसी स्थिति नहीं है। इस सप्ताह ठंड का और कम होगा।
रात में भी अब हल्की ठंड रहेगी। मौसम में बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होनेवाला लो प्रेशर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हिंद महासागर में लो प्रेशर सक्रिय होने का अनुमान है।
दूसरी ओर, 17-18 को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी होने के आसार हैं। हिमालय से सटे भागों में आंधी-बारिश हो सकती है। इसका असर धनबाद व आसपास भी दिखेगा। 18 व 19 फरवरी को सुबह कोहरे के बाद बादल छाए रह सकते हैं।
पांच डिग्री तक बढ़ेगा न्यूनतम तापमान
अमूमन फरवरी की शुरुआत से ही मौसम में गर्माहट घुलने लगती है। इस बार लगभग आधे फरवरी तक ठंड का असर बरकरार है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे रात का मौसम सर्द है। अब धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होगी।
अगले तीन-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। पारा 15 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में 25-26 से उछल कर 30-31 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
अगले चार दिनों का संभावित तापमान
सोमवार 29 12
मंगलवार 29 13
बुधवार 30 14
गुरुवार 31 15 |
|