मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री हरपाल चीमा।
जागरण संवाददाता, संगरूर। पंजाब की राजनीति में विधायकों की खरीद को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। दिड़बा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम विरोधी पार्टियों के विधायकों को खरीदकर सत्ता हासिल करना है।
चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने गोवा और गुजरात जैसे राज्यों में विपक्षी नेताओं और विधायकों को पैसों का लालच देकर अपने साथ मिलाया। लेकिन पंजाब में यह राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही और मुख्यमंत्री भगवंत मान के पहरेदार हैं, जिन्हें खरीदना भाजपा के बस की बात नहीं है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा शहर के व्यस्त इलाके में नशे का खेल; इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
कुछ दिन पहले विधायक भराज ने लगाए थे आरोप
यह बयान उस समय आया जब दिड़बा की विधायक नरिंदर कौर भराज को भाजपा की ओर से कथित प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा चल रही है। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चीमा शिवरात्रि के अवसर पर हलका दिड़बा के कई गांवों में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
यह भी पढ़ें- भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना अकाली दल में शामिल; संगरूर की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत
पंजाब सरकार के कार्य चर्चाओं में
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में पंजाब सरकार ने ऐसे कार्य किए हैं जिनकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने दावा किया कि हर तीसरे गांव में आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित किया जा सके। इसके अलावा 60 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उनके अनुसार सरकार की नीतियों के कारण सरकारी खजाने की आय में भी बढ़ोतरी हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान आने वाले समय में सियासी माहौल को और गरमा सकता है। फिलहाल विधायक भराज के बयानों के बाद यह बहस प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी चुकी है।
यह भी पढ़ें- एयरलिफ्ट कर मोहाली लाए गए मुख्यमंत्री मान; संगरूर में बिगड़ी सेहत, डॉक्टरों की निगरानी में जांच जारी |
|