search

बांदा में महाराणा प्रताप चौराहा से मवई बाईपास तक 4.80 करोड़ से चमकेगी सड़क, जियो टेक्सटाइल कपड़े से बढ़ेगी मजबूती

cy520520 4 hour(s) ago views 210
  



जागरण संवाददाता, बांदा। शहर की सबसे व्यस्त और प्रमुख सड़कों में शामिल महाराणा प्रताप चौराहा से मवई बाईपास तक जाने वाला मार्ग अब नए रूप में नजर आएगा। करीब 3400 मीटर लंबे इस मार्ग का 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से व्यापक डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण पूरा होने के बाद यह सड़क 9-9 मीटर की दो लेन मिलाकर कुल 18 मीटर चौड़ी और अधिक मजबूत बनेगी।

जनवरी में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्यदायी संस्था सुरेश चंद्र गुप्ता द्वारा फरवरी से निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस बार सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। जियो टेक्सटाइल कपड़ा बिछाकर उसके ऊपर 4 सेंटीमीटर मोटी डामर की परत डाली जा रही है।

यह विशेष कपड़ा मिट्टी को स्थिर करता है, जल निकासी बेहतर बनाता है और सड़क धंसने या कटाव की आशंका को कम करता है। इससे सड़क की मजबूती बढ़ेगी और राइडिंग क्वालिटी में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे सफर अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनेगा।

इसी सड़क से VVIP का होता है आवागमन

यह मार्ग पहले वर्ष 2016-17 के करीब बना था, लेकिन समय के साथ इसकी सतह खराब हो गई थी। जगह-जगह उभरी सतह और छोटे गड्ढों के कारण राहगीरों को झटकों का सामना करना पड़ रहा था। चूंकि यह सड़क शहर की मुख्य धुरी है और इसी मार्ग से आम नागरिकों के साथ-साथ सर्किट हाउस आने जाने वाले वीवीआइपी का भी आवागमन इसी सड़क से होता है, इसलिए लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने इसकी गुणवत्ता सुधारने का निर्णय लिया।

निर्माण कार्य के तहत लगभग 3400 मीटर क्षेत्र में बने 10 अवैध कट भी बंद किए जाएंगे। इंद्रा नगर, छोटा बाइपास, टीवीएस एजेंसी के सामने और अन्य प्रमुख मार्गों के सामने ही वैध कट खुले रहेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके। इस सड़क के दुरुस्त होने से आवास विकास, इंद्रा नगर, शुकुल कुआं सहित शहर के प्रमुख मोहल्लों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

साथ ही हमीरपुर, कानपुर, फतेहपुर, पपरेंदा और चिल्ला क्षेत्र के लोगों को भी आवागमन में भी बड़ी सुविधा होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सड़क के नवीनीकरण से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि बांदा को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान भी मिलेगी।


करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में 3400 मीटर का 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता के साथ डामरीकरण कराया जा रहा है। निर्माण में जियो टेक्सटाइल कपड़ा बिछाकर डामर की परत डाली जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती और राइडिंग क्वालिटी बेहतर होगी। हमारा उद्देश्य है कि बांदा शहर भी बड़े शहरों की तरह सुंदर और व्यवस्थित दिखे तथा यहां आने-जाने वालों को समतल और आरामदायक सड़क का अनुभव मिले। -मनोज पांडेय, अधिशाषी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग

सड़क निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और मार्च तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग 3400 मीटर मार्ग पर 10 अवैध कट बंद कर यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। - महेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157514