जागरण संवाददाता, उन्नाव। महाशिवरात्रि पर्व रविवार को मनाया जाएगा। आज से बड़ी तादात में कावड़िये व शिवभक्त बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर दर्शन को निकलेंगे। कांवड़ियों व शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट है। कांवड़ियों के रूट को चिह्नित करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रूट पर पड़ने वाले थानों को अतरिक्त पुलिस बल दिया गया है। इसके साथ ही घाटों की सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रूट के थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया है।
एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि श्रावण मास में लोधेश्वर मंदिर बाराबंकी में जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का जत्था विभिन्न मार्गों से निकलता है। परियर घाट से गंगाजल लेकर लोधेश्वर मंदिर जाने वाले कांवडियों के लिए चकलवंशी, मियागंज होते हुए लखनऊ का रूट तय किया गया है। इसी तरह बांगरमऊ के नानामऊ गंगा घाट से जल लेकर जाने वाले कांवड़ियों को गंजमुरादाबाद से बेहटामुजावर होते हुए हरदोई मार्ग से लखनऊ भेजा जाएगा।
इसी तरह बक्सर से जल लेकर जाने वालों को ऊंचगांव, भगवतंनगर, मौरावां से बछरावां फिर बाराबंकी पहुंचेंगे। गंगाघाट से होकर आने वाले कांवडिय़ों को मरहला चौराहा, मगरवारा, लखनऊ बाईपास, दही चौकी होते हुए अजगैन, बनी फिर लखनऊ में प्रवेश कराया जाएगा। जाजमऊ के चंदनघाट से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों को आवास विकास बाईपास से दही व नवाबगंज होते हुए लखनऊ भेजा जाएगा। यात्रा में किसी तरह का व्यवधान न न हो इसके लिए सभी रूटों का नक्शा तैयार किया गया है। रूटों पर पुलिस की ड्यूटी लगा उन्हें तैनात कर दिया गया है।
एसओ के साथ क्यूआरटी व पीआरवी भी रखेगी नजर
रात्रि के समय चौराहा व कट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। नौ क्यूआरटी वाहनों के अलावा पीआरवी व सभी सीओ व एसओ निगरानी में लगाया गया है।मार्ग पर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। बताया कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है। |