LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 846
एलिवेटेड रोड एसजीएम अस्पताल से पहले उतारा व चढ़ाया जाएगा। फोटो: आर्काइव
कुंदन तिवारी, जागरण नोएडा। छिजारसी कट से बहलोलपुर चौकी तक यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए नोएडा प्राधिकरण 640 मीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाएगा। यह एलिवेटेड रोड एसजीएम अस्पताल से पहले उतारा व चढ़ाया जाएगा, जिससे लोग एनएच नौ व एफएनजी की ओर आसानी से आ जा सकेंगे।
नोएडा ट्रैफिक सेल ने इस परियोजना की फाइल को सीईओ की ओर बढ़ाया, जिससे परियोजना को धरातल पर उतारा जा सके। सेक्टर-62 स्थित माॅडल टाउन गोलचक्कर पर जीरो आकार स्काईवाक का शिलांयास कराने के बाद अब छिजारसी जाम से राहत दिलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद नोएडा गाजियाबाद (एफएनजी) के लिए एनएच-9 से नोएडा छिजारसी कट के रास्ते शहर में करीब तीन लाख लोगों प्रतिदिन प्रवेश करते हैं, लेकिन यह सड़क औद्योगिक सेक्टर-फेस थ्री (सेक्टर-63 से 68 तक) से जुड़ा होने के कारण यहां पर कामगार के रूप में लाखों की संख्या में कामगारों का आना जाना रहता है।
इसलिए छिजारसी से सेक्टर-63 ए तक यातायात जाम रहता है, वाहन दिन भर रेंगते रहते है। सुबह व शाम पीक आवर में यहां से वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि इस रास्ते पर शाम को अवैध बाजार सज जाता है, जिसमें फैक्ट्री से काम काज कर वापस जाने वाले कामगार खरीदारी करते है।
इसकी शिकायत नोएडा प्राधिकरण में प्रतिदिन पहुंचती है, अब लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नोएडा प्राधिकरण के नोएडा ट्रैफिक सेल ने कदम बढ़ाया है। यहां पर प्रस्तावित एक एलिवेटेड रोड का सर्वे कराने का निर्णय लिया है। यह एलिवेटेड रोड करीब 640 मीटर का होगा, जिसे एफएनजी से उठाया जाएगा, लेकिन एनएच नौ से पहले एसजीएम अस्पताल के ठीक पहले उतरा-चढ़ाया जाएगा।
इससे शहर में आने जाने वाले लोग सीधे एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल कर एनएफजी व एनएच नौ की ओर आ जा सकेंगे। छिजारसी पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। एलिवेटेड के नीचे भी यातायात सामान्य हो जाएगा। बता दें कि इस सड़क पर एनएच नौ पर आने जाने से पहले औद्योगिक सेक्टर-63 में दो प्रवेश मार्ग है, इन्हें भी एलिवेटेड रोड पर रोटरी के जरिये जोड़ने की बात कही है।
इसके लिए सर्वे कराने का फैसला लिया है, जिसके लिए प्राधिकरण के एनटीसी विभाग ने पांच कंपनी चयनित सीआरआरआइ, यूएमटीसी, डिम्स, आईआईटी रुड़की, आईआईटी दिल्ली की गई है। इसमें से एक का चयन किया जाएगा, जो शाॅर्ट टर्म व लाॅन्ग टर्म सर्वे कर अपनी रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंपेंगी।
डेढ़ मीटर चौड़ी सड़क का प्रस्ताव विचाराधीन
छिजारसी मोड़ से लेकर एफएनजी तक डेढ़ मीटर सड़क चौड़ी करण का प्रस्ताव पहले से ही उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के पास विचाराधीन है। इसमें .5 मीटर फुटपाथ को कम किया जाना है। इस रास्ते पर आने वाले बिजली पोल को भी हटाया जाएगा, लेकिन सिंचाई विभाग की जगह होने की वजह से अभी तक अनुमति नहीं मिल सकी है। यह होने पर भी थोड़ा सा यातायात जाम पर अंकुश लग सकेगा।
पहले बनी डीपीआर के अनुसार इस एलिवेटेड के निर्माण में करीब 700 करोड़ का खर्च आना था। अब नए सिरे से इसका सर्वे करके डीपीआर तैयार की जाएगी। यह काम एनटीसी करेगी। इसकी फाइल तैयार कर सीईओ के पास अनुमति भेजी जा रही है।
-एसपी सिंह, महाप्रबंधक (सिविल-एनटीसी) नोएडा प्राधिकरण।
यह भी पढ़ें- Delhi Pollution: दिल्ली जाने वाली आधा दर्जन से ज्यादा वोल्वो कैंसिल, जो गई उन्हें नाेएडा सेक्टर-62 पर रोका |
|