सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, रुड़की। Roorkee Ka Mausam हरिद्वार जिले में शनिवार व रविवार को घना कोहरा छाने का पूर्वानुमान है। पाला पड़ने से मौसम बेहद सर्द बना रहेगा। इधर, शुक्रवार को भी शहर व आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का अनुभव किया गया, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
शिक्षानगरी में शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे तक कोहरे की घनी चादर छाई रही, साथ ही शीतलहर भी चली। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को सुबह गाड़ी की लाइट जलानी पड़ी।
ठंड के कारण लोग सुबह कपकपाते हुए अपने-अपने कार्यालय पहुंचे। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने को लोगों ने अलाव का सहारा लिया। सड़कों पर आवाजाही भी कम रही।
दोपहर 12 बजे के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा व धूप खिल गई, जिससे लोगों को ठिठुरन भरी ठंड से थोड़ी राहत मिली।
हालांकि, दिन ढलने के बाद मौसम और सर्द हो गया, जिससे लोग घरों में दुबकने लगे। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार जिले में शनिवार व रविवार को घना कोहरा व पाला पड़ने का पूर्वानुमान है, जिससे ठंड का असर अधिक रहेगा।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: पहाड़ों में आज वर्षा-बर्फबारी की संभावना, मैदान में घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: मैदान में धूप से तपिश गायब, हल्द्वानी में रात का पारा 0.5 डिग्री पहुंचा; स्कूलों में दो दिन छुट्टी |