जागरण संवाददाता, उन्नाव। अचलगंज क्षेत्र की एक महिला ने मुस्लिम युवक पर गंभीर आरोप लगा एसपी से कार्रवाई की मांग की है। बताया कि फोन पर वार्ता कर आरोपित ने खुद को हिंदू बता प्रेमजाल में फंसा पहले शादी की फिर जबरन मतांतरण करा शारीरिक शोषण किया। उसके मुस्लिम होने का पता चलने व विरोध करने पर परिवार ने प्रताड़ना की हदें पार कर दीं। पुलिस के अनुसार सात साल पहले युवती ने प्रेम विवाह किया था। जांच की जा रही है।
अचलगंज क्षेत्र की युवती ने मंगलवार को एसपी जयप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके मोबाइल पर लगभग आठ साल पहले एक अनजान काल आई। फोन करने वाले से जब उसका नाम पूछा तो उसने अजय दीक्षित बताया। पीड़िता के अनुसार वह आए दिन फोन कर प्रेम जाल में फंसाया और अपने साथ ले जाकर शादी कर ली। जब युवक को नमाज पढ़ते देखा तो उसके मुस्लिम होने का पता चला।
पीड़िता के अनुसार आरोपित युवक उसे अपने घर ले गया और जबरन मतांतरण का दबाव बनाया। आरोपितों ने एक लाख 20 हजार में उसके जेवर गिरवी रखकर मकान बनवाया। उसकी व चाची की आइडी से 1 लाख 60 हजार का लोन भी करा लिया। आरोपित व उसके स्वजन ने सफीपुर मस्जिद ले जाकर उसका मतांतरण कराया। उसने आरोपित से बातचीत की काल रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखने की बात कही।
पीड़िता ने बताया कि उसकी एक बच्ची भी है। उसे, बच्ची व परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई है। एसपी ने जांच करा कार्रवाई का भरोसा दिया है। एसओ सफीपुर सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि सात साल पहले युवती ने प्रेम विवाह किया था। उसके एक छह साल की बेटी भी है। इस बीच युवती द्वारा कभी कोई आरोप नहीं लगाया गया। कोई शिकायती पत्र भी नहीं दिया गया। 27 दिसंबर को उसका पति एक युवती को भगा ले गया था। इसके बाद युवती ने आरोपित पति पति पर मतांतरण समेत अन्य आरोप लगाए हैं। जिसकी जांच की जा रही है। |
|