search

मधुबनी में SBI ATM काटकर लाखों की लूट, 22 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार

deltin33 2025-12-20 21:06:58 views 924
  

SBI ATM काटकर लाखों की लूट



संवाद सहयोगी, राजनगर। बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार की रात्रि राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर-मधुबनी मुख्य पथ पर नरकटिया पेट्रोल पंप के सामने स्थित एसबीआई की एटीएम को निशाना बनाया। अव्वल तो,एटीएम में प्रयुक्त सीसीटीवी कैमरा पर ब्लैक स्प्रे छिड़का और फिर गैस कटर से एटीएम मशीन को बगल से काट कर कैश बॉक्स निकाल कर पूरब दिशा की ओर भाग निकले।  विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

शनिवार की सुबह मकान मालिक(जिनके मकान में एटीएम लगा हुआ है) कुमुद रंजन यादव जब घर से बाहर आए,तो एटीएम का शटर बंद देख कर उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल बैंक की आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मी तथा स्थानीय थाना पुलिस को दी स्थिति-परिस्थिति से अवगत कराया।  
कैश बॉक्स गायब देख कर चोरी होने की जानकारी

सूचना प्राप्त होने पर राजनगर थानाध्यक्ष चंद्रकिशोर टुड्डू एवं पुअनि विकास कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जब एटीएम का शटर उठाया,तो एटीएम मशीन को कटा हुआ और कैश बॉक्स गायब देख कर चोरी होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू कर दी।  

उक्त घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी सदर- 2 मनोज राम भी पीओ पर पहुंचे तथा तफ्तीश शुरू की। बाद में एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।   
सीसी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे छिड़का

प्राप्त जानकारी अनुसार अपराधी रात्रि के लगभग 1.30 बजे एटीएम के अंदर घुसे। दो अपराधी एटीएम कक्ष के अंदर गए और दो बाहर रेकी करते रहे। अंदर गए अपराधियों ने पहले सीसी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे छिड़का और फिर एटीएम को बगल से गैस कटर से काट कर कैश बॉक्स निकाल कर 1.52 बजे कैश बॉक्स लेकर पैदल पूरब दिशा की ओर भाग निकले।  

  

उक्त घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। स्थानीय थाना पुलिस पर नरकटिया- परिहारपुर मुख्य सड़क पर लगे अन्य सीसीटीवी का भी फुटेज खंघाल रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक के सीएमएस द्वारा शुक्रवार की संध्या तकरीबन छह बजे एटीएम में कैश डाला गया था।  
सात घंटे में काट दिया एटीएम

कैश डालने के मात्र साढ़े सात घंटे के अंदर एटीएम काटने की घटित वारदात एटीएम के रख-रखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था पर कई तरह के सवालिया निशान खड़े कर रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त वारदात को एटीएम तोड़ने में माहिर अंतर जिला गिरोह के सदस्यों ने अंजाम दिया है।  

इस गिरोह में शामिल अपराधी चार पहिया वाहन से आए और एटीएम से चंद गज पूरब वाहन खड़ी कर पैदल एटीएम तक पहुंचे तथा वारदात को अंजाम देकर पैदल वाहन तक पहुंचे और फिर चार पहिया वाहन से मौका ए वारदात से फरार हो गए।  

गौरतलब है कि जिस एसबीआई के जिस एटीएम में कैश चोरी की वारदात हुई है,वह एटीएम सुरक्षा गार्ड विहीन है और उसका शटर 24 घंटे खुला रहता है। बता दें कि विगत 13 दिसंबर को मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के कच्ची-पक्की चौक स्थित एसबीआई के एटीएम को भी निशाना बना कर बदमाशों ने 25 लाख रूपए उड़ा लिए थे। राजनगर में एटीएम काट कर नकद चोरी की घटना घटित होने से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है।  
क्या कहते हैं अधिकारी

इस बाबत डीएसपी सदर- 2 मनोज राम ने बताया कि सीएमएस द्वारा एटीएम से चोरी गए कैश का आकलन किया जा रहा हैं। एफएसएल की टीम को भी पीओ पर भेजा गया है।  

राजनगर थानाध्यक्ष चंद्रकिशोर टुड्डू ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। आवेदन प्राप्त होने पर कांड अंकित कर लिया जाएगा। तकनिकी एवं वैज्ञानिक पहलुओं को ध्यान में रख कर अनुसंधान किया जा रहा है।

एटीएम की देखरेख करने वाली हिताची एजेंसी के चैनल हेड स्वराज कुमार का कहना है कि सुरक्षा दृष्टिकोण से अभी राशि की जानकारी नहीं दी जा रही है। उनके प्रतिनिधि कुंदन कुमार एसपी योगेंद्र कुमार से मिलने गए हैं।

एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी हिताची के प्रतिनिधि मिलने आए थे। मगर उन लोगों ने अभी राशि की जानकारी नहीं दी है। अभी जांच की जा रही है कि कितनी राशि डाली गई थी और चोरी के वक्त कितनी राशि बची हुई थी। इसका सही आकलन करके के बाद बैंक और एजेंसी के लोग आवेदन देंगे। डीएसपी 2 मनोज कुमार के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ तथ्य मिले हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4610K

Credits

administrator

Credits
467521