cy520520 • 2025-12-20 14:36:24 • views 1244
ठंड में आग तापते लोग। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। दिसंबर में ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में ठंड के रेड अलर्ट जोन में अजगैवीनाथ धाम भी शामिल है। बावजूद अभी तक नगर क्षेत्र में अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
गुरुवार देर शाम से हवा चलने के साथ कनकनी काफी बढ़ गई है। शुक्रवार को पूरा दिन आकाश में बादल छाये रहे। धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।
दोपहर में तापमान 14 व 21 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सुबह का तापमान दोपहर के तापमान के आधे से भी कम आंका जा रहा है। अचानक मौसम में आये बदलाव के कारण शहरी जनजीवन पर काफी असर पड़ा। खासकर बच्चे और बूढ़े सड़कों पर कम दिखाई पड़े। बावजूद नगर के विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाने की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है।
फिलहाल चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण ठंड से बचने के लिए व्यापारी और मजदूर वर्ग रद्दी कागज और फलों की पेटियों का जलाकर ठंड भगाने का प्रयास कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बीच शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने लगे हैं।
इधर, यात्रियों, ठेला-रिक्शा चालकों व गंगा स्नान करने आने वालों को काफी परेशानी हो रही है। इस बाबत नगर सभापति राजकुमार गुड्डू ने बताया कि विभाग के द्वारा निर्देश प्राप्त होते ही नगर क्षेत्र में चिह्नित जगहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए रात में निकले डीएम
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी नगर आयुक्त के साथ शुक्रवार की रात लोगों का हालचाल जानने सड़कों पर निकले। उन्होंने जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया और स्टेशन चौक पर अलाव की व्यवस्था का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने रिक्शा चालकों और फुटपाथ पर सोने वालों के बीच कंबल का वितरण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की जाए।
कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिले के सभी अंचलाधिकारी को प्रमुख चौक-चौराहों पर तत्काल अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
साथ ही सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को जरूरतमंदों के बीच पर्याप्त संख्या में कंबल वितरण करवाने का आदेश दिया गया है। तीनों अनुमंडल पदाधिकारी को इसका सत्यापन करवाने को कहा गया है। जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। |
|