पति की हत्या के आरोप में पांच वर्षों बाद जेल से निकली महिला को नाबालिग बेटे ने मार डाला। फोटो जागरण
संवाद सूत्र, करायपरसुराय। पति की हत्या के आरोप में पांच वर्षों बाद जेल से जमानत छूटी मुन्नी देवी को नाबालिग बेटे ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना बुधवार की दोपहर गलीमपुर गांव में हुई।
हालांकि, महिला की हत्या बेटे ने पिता को मारने के प्रतिशोध में नहीं किया। वारदात के पीछे का कारण रुपयों का विवाद बताया जा रहा है। मां की हत्या के बाद 17 वर्षीय पुत्र फरार हो गया।
सूचना मिलते ही हिलसा एएसपी शैलजा कुमारी और थानेदार रणविजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एएसपी ने बताया कि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपित की तलाश की जा रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बताया जाता है कि मुन्नी पर आपसी विवाद में पति राजा राम महतो की हत्या करने का आरोप है। वह पांच वर्षों तक जेल में रही और हाल में जमानत पर बाहर आई थी। मुन्नी के दो बेटे हैं। दोनों नाबालिग हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मुन्नी के बड़े बेटे को सूखे नशे की लत है। उसने मां से नशे के लिए 35 सौ रुपयों की मांग की थी। इसे लेकर मां-बेटे में झड़प हुई और मुन्नी ने रकम देने से मना कर दिया।
उसके मुड़ते ही नाबालिग ने कट्टे से गोली चला दी, जो मुन्नी के पीठ में लगी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मां को फर्श पर लहूलुहान देखकर आरोपित वहां से भाग गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, राजा राम की हत्या के बाद से घर में तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस के अनुसार, मुन्नी के छोटे बेटे के फर्दबयान पर नाबालिग के विरुद्ध प्राथमिकी की गई। |
|