जान बचाने जा रही दमकल की गाड़ी ने मोटरसाइकिल में टक्कर मारी, युवक की मौत  
 
  
 
  
 
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सोनिया विवाह इलाके में शनिवार को एक दमकल की गाड़ी से मोटरसाइकल की टक्कर होने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दमकल विभाग को सूचना मिली थी कि एक भाजपा नेता यमुना में डूब रहे हैं। उधर, समय पर मदद न मिलने से भाजपा नेता की भी पानी में डूबने से मौत हो गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
गहरे पानी में उतराते चले गए  
 
जानकारी के मुताबिक, सोनिया विहार इलाके में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप नैनवाल (48) मछलियों को दाना डालने गए थे। वह मछलियों को दाना देने के बाद जब आचमन कर रहे थे तभी उनका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वे गहरे पानी में उतराते चले गए। उनके साथ उनके कुछ समर्थक भी थे। वह पश्चिमी करावल नगर में रहते हैं।   
 
  
 
हादसे के समय उनके साथ मौजूद लोगों में से किसी को तैराकी नहीं आती थी। ऐसे में उन लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। अंतत: पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके के लिए रवाना हुई।  
12वीं पढ़ता था रोहित  
 
रास्ते में सोनिया विहार पांचवें पुश्ते के पास दमकल की गाड़ी एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार रोहित पाल बुरी तरह घायल हो गया। उसे लोग तत्काल जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  
 
  
 
रोहित भतीजे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। परिवार में उसके माता-पिता, दो भाई और एक बहन है। मृतक युवक के बड़े भाई अमित ने बताया कि रोहित सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। उनके पिता ऑटो चलाते हैं। उनका आरोप है कि दमकल चालक की गलती से उनके भाई की मौत हुई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल में रखवाया गया है।  
मामले में नहीं है कोई आरोपित  
 
पुलिस का दावा है कि दमकल की गाड़ी सायरन बजाते हुए सही जा रही थी लेकिन युवक लापरवाही से मोटरसाइकिल चला रहा था। इस कारण हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवक के पास लाइसेंस भी नहीं था। इस मामले में अभी लापरवाही से वाहन चलाने व लापरवाही से मृत्यु की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।  
 
  
 
किसी को आरोपित नहीं बनाया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपित का नाम शामिल किया जाएगा। उधर, दोपहर में प्रशासन के गोताखोरों ने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप नैनवाल के शव को यमुना से निकाला।  
 
  
...तो तेज रफ्तार में थी बाइक!  
 
दमकल चालक ने पुलिस को बयान दिया कि सोनिया विहार पांचवें पुश्ते पर गाड़ी पहुंची तो सामने की तरफ से मोटरसाइकिल सवार तेज रफ्तार से आ रहा था। उसे बचाने के लिए गाड़ी को बायीं तरफ मोड़ते हुए पुश्ते की दीवार में टक्कर मारी। इससे हादसा नहीं टल सका और सामने से आ रही मोटरसाइकिल टकरा गई।  
 
  
कैमरे में कैद हो गई भाजपा नेता के साथ हुई दुर्घटना  
 
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप नैनवाल के साथ हुई दुर्घटना कैमरे में कैद हो गई। उनके साथ गया एक समर्थक अपने मोबाइल में उनका वीडियो बना रहा था। उस वीडियो में दिख रहा है कि कुलदीप यमुना के किनारे जाकर पैर रखते हैं और आचमन के लिए जल लेने झुकते हैं। वीडियो में पत्थर के हिलने से असंतुलित होकर यमुना में गिरने के बाद वह बचने के लिए हाथ-पैर मारते दिख रहे हैं।  
 
  
 
इनके परिवार में मां धारा देवी, पत्नी दीपा नैनवाल और एक बेटी एंजल नैनवाल है। कुलदीप ठेके पर इलेक्ट्रिकल का काम करते थे। वह प्रत्येक शनिवार को मछलियों को दाना डालने के लिए यमुना किनारे जाते थे। बुराड़ी थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद कुलदीप का शव स्वजन को सौंप दिया गया है।  
 
यह भी पढ़ें- दृष्टिबाधित सिमरन शर्मा ने रच इतिहास रोशन किया नाम, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स में भारत को दिलाया स्वर्ण |