अनुराग गुप्ता के बाद झारखंड की नई प्रभारी डीजीपी बनीं तदाशा मिश्रा झारखंड पुलिस के महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुकी हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की नई प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा झारखंड पुलिस के महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुकी हैं। रांची में सिटी एसपी के कार्यकाल में तदाशा मिश्रा ने बेहतर पुलिसिंग से अपनी पहचान बनाया था।
वह जैप वन व जैप टू में समादेष्टा के पद पर कार्यरत रहीं। बोकारो व गिरिडीह में एसपी रहीं, डीआइजी कार्मिक के पद को भी संभाला। बाद में आइजी मानवाधिकार, आइजी विशेष शाखा और जोनल आइजी बोकारो भी रहीं।
एडीजी जैप के बाद दो बार गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव का पद संभाल चुकी हैं। पुलिस मुख्यालय में उन्हें कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी मिलीं।
उनका सबसे लंबा कार्यकाल राज्य सरकार के महत्वपूर्ण विभाग गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में रहा। यहां वह विशेष सचिव के पद पर कार्यरत रहीं और पुलिस कल्याण से संबंधित फाइलों का बखूबी निपटारा किया।
अभी नहीं मिला था डीजी रैंक
तदाशा मिश्रा को अभी डीजी रैंक नहीं मिला था। राज्य सरकार ने वर्तमान में 1993 बैच तक के आइपीएस अधिकारियोें को ही डीजी रैंक आवंटित किया था। डीजी रैंक पद रिक्त रहने पर ही मिलता था। अनुराग गुप्ता डीजी रैंक में थे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उनकी सेवानिवृत्ति के बाद डीजी रैंक में एक पद रिक्त हुआ है। अब 1994 बैच की अधिकारी तदाशा मिश्रा को राज्य सरकार डीजी रैंक में प्रोन्नति देने संबंधित औपचारिकता पूरी करेगी। 1994 बैच की झारखंड कैडर की दूसरी आइपीएस अधिकारी संपत मीणा वर्तमान में एडीजी रैंक में हैं और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआइ में संयुक्त निदेशक हैं।
संपत मीणा को केंद्र में डीजी रैंक मिल चुका है। राज्य में डीजी रैंक में अब कोई पद रिक्त होगा तो उस पद पर यहां भी संपत मीणा को डीजी रैंक में प्रोन्नति मिल जाएगी। |