690 लाभार्थियों के खिले चेहरे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नई दिल्ली) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (लखनऊ) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में जनपद न्यायाधीश जयप्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं उसके समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के 690 लाभार्थियों को निराश्रित महिलाओं को पेंशन प्रमाण पत्र, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थी महिलाओं को चेक, बैंको से जुडें योजनाओं के लाभार्थियों को चेक प्रदान किया गया।
इसके साथ ही पीएम स्वामित्व योजना के तहत डूडा द्वारा बनाए गए 12 लाभार्थियों को आवास की चाभी, महिला बाल कल्याण विभाग से 26 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, 45 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल एवं अन्य उपकरण दिए गए।
जिला जज ने दिव्यांगों का स्वागत माल्यार्पण कर किया। ओडीओपी योजना के तहत लाभार्थियों को ब्लैक पाटरी के उत्पादों के साथ ही मुबारकपुर की रेशमी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर लाभार्थियों को संबोधित करते हुए जिला जज ने कहा कि मेगा कैंप का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक अवश्य पहुंचाना है। जिला जज ने कैंप में लगे स्टालों का निरीक्षण भी किया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से इस कैंप को लगाया गया है। यहां पर विभिन्न विभागों के 34 स्टाल लगे हैं।
लाभार्थियों का चयन विभिन्न विभागों द्वारा जनपद, तहसील व ब्लाक स्तर पर लघु शिविर के माध्यम से किया गया है, जिनको शिविर में लाभान्वित किया जा रहा है। न्यायिक अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगाए गए कैंप पर जाकर ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच कराई।
मुकेश कुमार सिंह-प्रथम (पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण), एडीजे कमलापति, एडीजे विजय कुमार वर्मा, अजय श्रीवास्तव, संतोष कुमार यादव, संदीपा यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह, सिविल जज निहारिका यादव, अक्षत सोनकर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- यूपी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले 39 लोगों पर शिकंजा, DM ने लिया एक्शन
यह भी पढ़ें- फतेहपुर में नकली प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री का भंडाफोड़, सुप्रीम ब्रांड के नाम पर धोखाधड़ी |