अभिनेता आदित्य रावल (फोटो क्रेडिट- एक्स)
एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। अभिनेता आदित्य रावल ने साल 2020 में प्रदर्शित फिल्म बमफाड़ से हिंदी सिनेमा में कदम रखने के बाद सधी रफ्तार से आगे कदम बढ़ाया है। उन्होंने केंद्रीय और चरित्र दोनों तरह की भूमिकाएं निभाईं।
अभिनेता परेश रावल और अभिनेत्री स्वरूप संपत के बेटे आदित्य ने हालिया प्रदर्शित वेब सीरीज दलदल में साजिद की भूमिका के लिए खूब सराहना बटोरी। आने वाले समय में वह सुपरस्टार अनिल कपूर के साथ फिल्म सूबेदार में नजर आएंगे, जिसको लेकर उन्होंने खुलकर बात की है।
घर में अलग से होता है विश्लेषण
आगामी दिनों में वह बतौर नायक भी कई फिल्में और वेब सीरीज कर रहे हैं, जिसमें अनिल कपूर अभिनीत फिल्म सूबेदार भी है। हालांकि, आदित्य के लिए आज भी अपने पिता और मां से प्रशंसा पाना आसान नहीं है।
यह भी पढ़ें- \“कछुआ छाप अगरबत्ती...\“, अक्षय कुमार संग विवाद पर परेश रावल का बयान, बताया- क्यों डिजास्टर होगी हेरा फेरी 3
वह कहते हैं, ‘उनको मेरा यह शो कमाल का लगा और मेरा काम भी अच्छा लगा, तो मुझे अब स्वयं पर गर्व महसूस हो रहा है। मेरे घर में तो ऐसा है कि जैसे अगर कोई खिलाड़ी क्रिकेट में शतक भी बनाए, फिर भी विशेषज्ञ उसके बैटिंग में कुछ कमियां बताते हैं।
मेरे घर में भी मेरा काम आने के बाद ऐसा ही विश्लेषण होता है। हर प्रोजेक्ट रिलीज होने के बाद हम (आदित्य और उनके माता-पिता) बैठकर दो-तीन घंटे बात करते हैं कि फलां निर्णय क्यों लिया? उससे क्या फायदा हुआ या उससे बेहतर निर्णय क्या हो सकता है। मुझे इन सब में बहुत मजा आता है और मुझे लगता है कि मेरे माता-पिता के इसी इंडस्ट्री से होने का यही सबसे बड़ा फायदा है।
मेरे लिए इसमें डरने वाली कोई बात तो नहीं होती है, क्योंकि उन्हें पता है कि मैंने अपने काम में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है, अपना जी जान डाल देता हूं। बस कोशिश यही रहती है कि बतौर कलाकार हम ज्यादा से ज्यादा आगे बढ़ते रहे और उनके अनुभवों का फायदा कैसे उठाया। मैं उस मौके पर डरने की बजाय उसे सीखने के एक मौके की तरह देखता हूं।’
अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर बोले आदित्य
आदित्य रावल ने फिल्म बमफाड़ से बतौर नायक पदार्पण किया था। उसके बाद कई प्रोजेक्ट्स में चरित्र भूमिकाएं निभाने को लेकर वह कहते हैं, ‘काम को लेकर मेरे सिर्फ कुछ पैमाने होते हैं कि क्या मैं उस प्रोजेक्ट की टीम के साथ काम करना चाहता हूं। क्या मुझे स्क्रिप्ट पसंद है और क्या मुझे वह पात्र इतना पसंद है कि मैं उसमें तीन-चार महीने उसी दिलचस्पी के साथ रह पाउंगा। अगर ये सब चीजें होती हैं तो मैं उस प्रोजेक्ट में कूद जाता हूं।
मैं ज्यादा गुणा-भाग नहीं करता हूं। मुझे अब तक इंडस्ट्री में जो भी काम मिला है, वो सब बमफाड़ के कारण ही मिला है। मैं वेब सीरीज दलदल और फिल्म सूबेदार के निर्देशक सुरेश त्रिवेणी सर से भी तभी मिला था, जब उन्होंने फिल्म बमफाड़ देखी थी। तब ही उन्होंने कहा था कि मैं जो भी काम करूंगा, उसमें तुम्हें शामिल करूंगा। वह अपनी बात पर कायम भी रहे और अब मैं उनके साथ कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं।
मुझे अलग-अलग काम करना पसंद है, अपनी बंदिशों के पार जाकर काम करना पसंद है। मैंने कुछ प्रोजेक्ट्स में नायक वाली भूमिकाएं भी निभाई हुई है। उम्मीद है कि इस साल के अंत में या अगले साल के शुरू में वह भी रिलीज होंगे। यह सिलसिला तो जारी रहता है।’
यह भी पढ़ें- Govinda के रिप्लेस होने पर टूटी \“भागम-भाग\“ की तिकड़ी, परेश रावल ने किया रिएक्ट, बोले- \“अक्षय-मनोज की जोड़ी...\“ |
|