सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। हादसे रोकने के लिए पुलिस कितनी सजग है इसकी बानगी एत्माउद्दौला में देखने को मिली। खराब ट्रॉला 12 घंटे तक नेशनल हाईवे पर खड़ा रहा। किसी ने उसे हटवाने का प्रयास नहीं किया।
शनिवार देर रात खराब खड़े ट्रॉला में पीछे से कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक की मृत्यु हो गई। पुलिसकर्मियों ने केबिन काटकर अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। उसे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की फाइल फोटो।
रात में कैंटर टकराया, सिस्टम की लापरवाही ने ले ली जान
नेशनल हाईवे पर एत्माउद्दौला क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक ट्राला खराब हो गया। दिनभर ट्रॉला हाईवे किनारे खड़ा रहा, यातायात भी प्रभावित हुआ। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे हटवाने का प्रयास नहीं किया। रात करीब 12:30 बजे फिरोजाबाद की ओर से आ रहा कैंटर हाईवे पर खड़े ट्रॉला से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त की कि कैंटर की केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मथुरा निवासी चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया
मथुरा के गांव जरारा निवासी 34 वर्षीय कैंटर चालक सोनू दुबे घायल होकर केबिन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक को बाहर निकला। उसे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कैंटर चालक लखनऊ से गोवर्धन माल लेकर जा रहा था। |
|