घरों और दुकानों से डाेर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शुल्क का मामला। प्रतीकात्मक
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नगर निगम के साठ वार्डों से जुड़े आम लोगों के साथ ही व्यापारियों से भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में यूजर चार्ज बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई।
निगम प्रशासन प्रस्ताव तैयार कर तय करेगा कि कहां कितना शुल्क होगा। इसके बाद स्वीकृति के लिए प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। मार्च में बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। सहमति बनने पर करीब 50 हजार लोगों को नई दरों के हिसाब से पैसे देने होंगे।
घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से कूड़ा कलेक्शन का काम निगम ने दो हिस्सों में बांटा है। पुराने क्षेत्र में निजी कंपनी की गाड़ियां कचरा उठाने आती हैं। जबकि नए इलाकों में निगम खुद इस काम को करता है। इसके बाद पूरे शहर का कचरा गौला बाईपास स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में पहुंचता है। जहां पुराने कचरे का लीगेसी वेस्ट प्लांट के माध्यम से निस्तारण हो चुका है।
अब नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन यानी एनटीपीसी को चारकोल प्लांट लगाने के लिए नए कचरे का सफाया भी किया जाना है। इस 1.75 लाख मीट्रिक टन कचरे को साफ करने में करीब नौ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दूसरी तरफ डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में वसूले जाने वाले यूजर चार्ज को अंतिम बार 2021 में बढ़ाकर 60 रुपये महीना किया गया था। जबकि पहले यह 40 रुपये था। निगम सूत्रों की मानें तो नए प्रस्ताव में इसे 100 रुपये से अधिक किया जा सकता है।
इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट, दुकान के अलावा अन्य कमर्शियल प्रतिष्ठान के पैसे भी बढ़ेंगे। मामले को लेकर नगर आयुक्त पारितोष वर्मा से पूछने पर उन्होंने बताया कि प्रस्ताव तैयार करने के बाद बोर्ड बैठक में लाया जाएगा।
साढ़े छह से 35 लाख पहुंची आय
नवंबर 2022 में यूजर चार्ज वसूलने का जिम्मा बैंणी सेना को दिया गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से लोगों से पैसे लिए जाते हैं। जबकि पहले निगम कर्मचारी ही इस काम करते थे। कर्मचारियों के समय प्रति माह साढ़े छह लाख ही मिल पाते थे। मगर बैंणी सेना ने आय को 35 लाख तक पहुंचा दिया।
लोगों को नई गाड़ियों का इंतजार
शहरी विकास निदेशालय ने निगम को 25 नए कूड़ा वाहन दिए हैं। जिन्हें निगम के नए वार्डों में चलाया जाना है। इन वाहनों को निजी कंपनी को सौंपा जाएगा। चालक-हेल्पर से लेकर रखरखाव का जिम्मा भी कंपनी का होगा। टेंडर प्रक्रिया का पूरा होना अभी बाकी है। उसके बाद ही नए वाहन कचरा उठान के काम में लगेंगे।
यह भी पढ़ें- Aligarh News: सड़कों पर कूड़ा फेंकने वाले 51 हजार घर चिह्नित, नगर निगम लगाएगा भारी-भरकम जुर्माना
यह भी पढ़ें- अगले महीने से शुरू हो जाएगा मानेसर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, एजेंसी को 5 साल के लिए मिला टेंडर |
|