खेेरेश्वर मंदिर परिसर में कमेटी की ओर से लगाया बोर्ड
संवाद सूत्र, जागरण अलीगढ़। खेरेश्वर धाम पर ऑफिस के बाहर एक बोर्ड लगा दिया गया है कि मंदिर परिसर में मुस्लिम दुकान नहीं लगा सकेंगे। दुकानदारों के आधार कार्ड चेक किए जाएंगे। पिछले दिनों महाशिवरात्रि पर एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा कपड़े की दुकान का करणी सेना द्वारा विरोध किया गया था। जबकि इस व्यक्ति ने खुद को हिंदू बताकर दुकान ली थी। उसके चलते कमेटी की ओर से यह निर्णय लिया गया है।
खेरेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर मेला लगाया जाता है। इसमें मनोरंजन के लिए झूलों के अलावा खाने पीने और घरेलू उपयोग के सामानों की दुकानें भी लगती हैं। कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिस समय दुकानें लगाई गई थीं तब अरमान ने अपना नाम अमन बताया था।
अब आगे से आधार कार्ड देखकर ही दुकानें लगवाएंगे। कमेटी के अध्यक्ष गहराज सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि में करणीसेना द्वारा एक अरमान नाम के व्यक्ति की कपड़े की दुकान का विरोध किया गया था। इतना ही नहीं माइक को छीनकर अनाउसमेंट भी किया गया था। मौके पर दुकान को बंद कराया गया था। इस मामले में करणी सेना के तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
खेरेश्वर मंदिर में मुस्लिम दुकानदार का विरोध, कार्रवाई की मांग
खेरेश्वर मंदिर में मुस्लिम व्यक्ति द्वारा महिलाओं के कपड़े की दुकान लगाने का विश्व हिंदू परिषद ने विरोध किया है। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव को ज्ञापन देते हुए कार्रवाई की मांग की है। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के लिए विवश होंगे।
विहिप ब्रज प्रांत मीडिया प्रमुख प्रतीक रघुवंशी ने कहा कि यह हिंदू महिलाओं के प्रति सोचा समझा लव जिहाद सरीखा षड्यंत्र प्रतीत होता है। मंदिर परिसर में इस प्रकार की दुकान लगाना न केवल मंदिर की पवित्रता व शुचिता को खंडित करता है, बल्कि यह हमारी धार्मिक आस्था को भी आहत करता है व दो समुदायों के बीच विवाद का कारण भी बन सकता है।
महानगर मठ मंदिर प्रमुख मुकेश माहेश्वरी ने कहा कि मंदिर परिसर में इस प्रकार की दुकानें लगाने पर रोक लगाई जाए। अन्यथा हम सभी साथ मिलकर इस मामले में लड़ाई लड़ेंगे और मंदिर की पवित्रता को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
सह-मठ मंदिर प्रमुख धनेंद्र गुप्ता, सहमंत्री इंद्रपाल सिंह, सह-गो रक्षा जितेंद्र आर्य, बजरंगदल संयोजक दीपक राजपूत, सह-संयोजक अमित शर्मा, सह-सोशल मीडिया प्रमुख दिनेश बघेल, गोरक्षा प्रमुख करण चौधरी व अन्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- 18 करोड़ से बनेंगे 225 अन्नपूर्णा भवन, अलीगढ़ में राशन वितरण होगा और मजबूत |