एआई और डीप टेक स्टार्टअप्स के साथ पीएम मोदी की राउंडटेबल
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वैश्विक एआई कंपनियों के प्रमुखों के साथ राउंडटेबल करने के बाद शुक्रवार को पीएम नरेन्द्र मोदी ने सेवा तीर्थ में एआई और डीप टेक स्टार्टअप्स के सीईओ के साथ एक महत्वपूर्ण राउंडटेबल बैठक की।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कृषि, पर्यावरण संरक्षण, मातृभाषा में उच्च शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यापक उपयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को एआई तकनीक का उपयोग अपने विकास मॉडल के अनुरूप करना चाहिए। उन्होंने मजबूत डेटा गवर्नेंस की आवश्यकता पर जोर देते हुए फेक न्यूज और दुष्प्रचार के खतरों के प्रति सावधान किया।
कृषि, पर्यावरण, शिक्षा में AI पर जोर
साथ ही उन्होंने स्टार्टअप्स से आग्रह किया कि वे भारत की विशिष्ट जरूरतों के अनुसार समाधान विकसित करें। यूपीआई को सरल और स्केलेबल डिजिटल नवाचार का सफल उदाहरण बताते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय कंपनियों पर भरोसा जताया और घरेलू उत्पादों पर विश्वास बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की और कहा कि भारतीय स्टार्टअप्स में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार मजबूत हो रही है। बैठक में 16 एआई और डीप टेक स्टार्टअप्स के सीईओ और संस्थापकों ने अपने विचार और कार्य प्रस्तुत किए।
ये स्टार्टअप्स स्वास्थ्य सेवा, कृषि, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे विविध क्षेत्रों में जनसंख्या स्तर पर प्रभाव डालने वाले समाधान विकसित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नवाचारियों को साहसिक जोखिम उठाने और प्रभावी समाधान तैयार करने के लिए बधाई भी दी। बैठक में शामिल प्रमुख स्टार्टअप्स में एब्रिज, अदालत, ब्रेनसाइटएआइ, क्रेडोएआइ, ईकाकेयर थे। |