प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर (भागलपुर)। भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में विश्वासघात का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राखी बंधवाकर परिवार का भरोसा जीतने के बाद एक युवक द्वारा इंटर की छात्रा को परीक्षा दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने बाईपास थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन के अनुसार उनकी नाबालिग पुत्री इंटरमीडिएट की छात्रा है। मोहल्ले का एक परिचित युवक अक्सर उनके घर आता-जाता था। वह उनकी बेटी को बहन मानने की बात कहता था और हर साल राखी भी बंधवाता था। इस व्यवहार से परिवार को उस पर पूरा विश्वास हो गया था।
राखी बंधवाकर जीता भरोसा
पीड़िता की मां के मुताबिक इंटर की परीक्षा शुरू होने पर उक्त युवक ने भरोसा दिलाया कि वह बेटी को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचा देगा। उसने खुद को सरकारी कार्यालय में कार्यरत बताते हुए जिम्मेदारी लेने की बात कही। मां अपने कार्यालय चली गईं, जबकि आरोपी छात्रा को परीक्षा दिलाने के लिए साथ ले गया। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे।
जब काफी देर तक बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने युवक के घर जाकर पूछताछ की। आरोप है कि वहां से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, उलटे जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
परीक्षा दिलाने के बहाने नाबालिग को लेकर फरार
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पता किया जा रहा है। पूछताछ जारी है। |
|