रघुवर दास की चेतावनी
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस-जेएमएम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल अपराधियों के साथ सांठगांठ कर प्रशासन के सहयोग से मताधिकार छीनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मेदिनीनगर नगर निगम में वार्ड पार्षद पद के कई संभावित प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने से रोका गया।
रघुवर दास बुधवार रात शहर के भवानी संघ चौक पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को यह समझना चाहिए कि उनका कैडर भारत सरकार का है और उन्हें निष्पक्षता से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई तो वे 27 फरवरी के बाद मेदिनीनगर आकर संबंधित अधिकारियों को “सबक सिखाने” का काम करेंगे।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-जेएमएम की “निकम्मी सरकार” ने तीन वर्षों तक नगर निकाय चुनाव नहीं कराए, जिससे राज्य को विकास कार्यों के लिए 5100 करोड़ रुपये नहीं मिल सके।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ऐसी सरकार को इस चुनाव में सबक सिखाएं और भाजपा समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर को विजयी बनाएं। सभा के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी जयश्री गुप्ता ने अरुणा शंकर के समर्थन में चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की।
सांसद बीडी राम भी रहे मौजूद
मौके पर पलामू सांसद बीडी राम, पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, सदर विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री भानुप्रताप शाही, पूर्व सांसद मनोज कुमार समेत अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री ज्योति पांडेय ने किया।
सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष डा. विपुल गुप्ता, प्रत्याशी अरुणा शंकर, चैंबर अध्यक्ष आनंद शंकर सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक व व्यवसायी उपस्थित थे। |
|