सभी परीक्षा केंद्रों पर कैमरों से होगी निगरानी, हजारों विद्यार्थी होंगे शामिल। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। जिलें में कल यानी मंगलवार से बोर्ड परीक्षाओं का माहौल शुरू होने जा रहा है। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है।
परीक्षा व्यवस्था के तहत इस बार हाईस्कूल के करीब 10 हजार और इंटरमीडिएट के लगभग 7 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
परीक्षा समन्वयक भावना भनोट ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निरीक्षक कक्ष बनाए गए हैं। इसके साथ ही निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में CM धामी की सख्ती के बाद एक्शन मोड में आए अधिकारी, कहा- ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का 24 घंटे अभियान
परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 जैसे नियमों का भी पालन कराया जा सकता है, जिससे बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें। अभिभावकों से भी बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत रखने और सकारात्मक माहौल देने की अपील की गई है। |
|