फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। देश की प्रतिष्ठित स्टील कंपनी टाटा स्टील ने झारखंड के युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम (2026) की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से डिप्लोमा, बीई/बीटेक और नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट युवाओं को एक साल की \“ऑन-द-जॉब\“ ट्रेनिंग दी जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 26 फरवरी 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता
टाटा स्टील द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, आवेदन के लिए निम्नलिखित योग्यताएं अनिवार्य हैं:
- टेक्निकल स्ट्रीम: मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मेटलर्जिकल, फायर एंड सेफ्टी या केमिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या BE/B.Tech।
- नॉन-इंजीनियरिंग स्ट्रीम: किसी भी विषय में स्नातक (Graduate) उम्मीदवार, जिन्हें एमएस ऑफिस (MS Office) का बुनियादी ज्ञान हो।
- पासिंग ईयर: केवल वे छात्र पात्र हैं जिन्होंने वर्ष 2021 या उसके बाद अपनी डिग्री/डिप्लोमा पूरा किया है।
- निवास: आवेदक का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
आयु सीमा और महत्वपूर्ण शर्तें
- जन्म तिथि: उम्मीदवार का जन्म 1 मार्च 2001 से 1 मार्च 2008 के बीच होना चाहिए।
- जिन अभ्यर्थियों ने पहले किसी संस्थान से अप्रेंटिसशिप की है या वर्तमान में कर रहे हैं, वे इस प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे।
- आवेदक के पास आधार कार्ड से लिंक बैंक खाता और पैन कार्ड होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया और स्टाइपेंड उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा से संबंधित जानकारी आवेदकों के पंजीकृत ईमेल पर भेजी जाएगी। सफल उम्मीदवारों का पंजीकरण केंद्र सरकार के NATS 2.0 पोर्टल पर किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान नियमानुसार मासिक वजीफा (Stipend) भी दिया जाएगा।
ट्रेनिंग की मुख्य बातें यह प्रशिक्षण एक वर्ष की अवधि का होगा, जिसे सफलतापूर्वक पूरा करने पर SNTI (Shavak Nanavati Technical Institute) द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम है और इसके बाद टाटा स्टील में स्थायी नौकरी का कोई दावा या गारंटी नहीं होगी। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान आवास की व्यवस्था उम्मीदवारों को स्वयं करनी होगी।
कैसे करें आवेदन?
योग्य उम्मीदवार टाटा स्टील के आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जाकर या दिए गए क्यूआर कोड/लिंक के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय से पूर्व आवेदन करने की सलाह दी जाती है। |