ट्रेन का फाइल फोटो व मेरठ मेट्रो स्टेशन पर पेंटिंग करतीं हर्षिता वशिष्ठ।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जनपद से भड़की 1857 की पहली स्वतंत्रता संग्राम की चिंगारी अब एक बार फिर रंगों के माध्यम से जीवंत हो रही है। नमो भारत ट्रेन व मेरठ मेट्रो की दीवारों, पिलर, टिकट काउंटर के समीप 1857 की क्रांति की गाथा को भव्य पेंटिंग्स के जरिए उकेरा जा रहा है। इन चित्रों में क्रांतिकारियों का साहस, अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह और मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया जा रहा है।
मेरठ के गढ़ रोड निवासी फ्रीलांस आर्टिस्ट हर्षिता वशिष्ठ ने बताया कि इन पेंटिंग्स में 10 मई 1857 की ऐतिहासिक घटना, जब मेरठ छावनी से विद्रोह की शुरुआत हुई थी को प्रमुखता से दिखाया जा रहा है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के भी चित्र बनाकर उनकी बहादुरी को दर्शाया जा रहा है।
हर्षिता ने बताया कि इन पेंटिंग को उनके अलावा उड़ीसा के गोपाल नायक, कोलकाता के तुहीन क्रांति, राजस्थान के नरेंद्र, कन्हैय्या लाल यादव और दिल्ली के कलाकार इन पेंटिंग को बना रहे हैं। ऐतिहासिक तथ्यों का अध्ययन कर चित्रों में प्रामाणिकता बनाए रखने का प्रयास हो रहा है। ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान ही मेरठ के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जा सके।
यह भी पढ़ें- Meerut Metro: PM के दौरे की ग्रैंड रिहर्सल की तैयारी, 24 घंटे पहले इन क्षेत्रों के पेट्रोल पंप व होटल हो जाएंगे बंद
गौरतलब है कि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरठ आ रहे हैं और शताब्दी नगर स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन के बचे हिस्से व मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसलिए सबसे पहले शताब्दीनगर स्टेशन पर पेंटिंग चल रही है। इसके बाद 12 अन्य स्टेशनों पर भी पेंटिंग की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Meerut Metro से छात्र-छात्राओं को होगी आसानी, किस स्टेशन से कितना दूर है आपका कालेज व किस गेट से जाना होगा ठीक?
नई पीढ़ी को 1857 की क्रांति को जानने का मिलेगा मौका
एनसीआरटीसी के अधिकारी के अनुसार, इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को 1857 की क्रांति के महत्व से अवगत कराना है। यह पहल मेरठ की पहचान को और मजबूत करेगी। जब यात्री इन स्टेशनों से गुजरेंगे तो उन्हें केवल आधुनिक परिवहन व्यवस्था ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा भी देखने को मिलेगी। |
|