राज्यसभा चुनाव की घोषणा। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने राज्यसभा की 37 रिक्त सीटों को भरने के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया। इनमें ओडिशा से चार सीटें शामिल हैं। ये रिक्तियां उन मौजूदा सदस्यों के सेवानिवृत्त होने के कारण उत्पन्न हुई हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है।
18 फरवरी 2026 को जारी एक आधिकारिक प्रेस नोट में आयोग ने बताया कि 10 राज्यों से चुने गए 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होगा। इन रिक्तियों को भरने के लिए ईसीआई ने निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार द्विवार्षिक चुनाव कराने का निर्णय लिया है।
अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है और नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं।
यदि आवश्यकता हुई तो मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
ओडिशा के चार सांसदों की सीट होगी खाली
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाताओं को मतपत्र पर अपनी प्राथमिकताएं अंकित करने के लिए केवल वही एकीकृत बैंगनी रंग के स्केच पेन इस्तेमाल करने होंगे, जो निर्धारित विनिर्देश के अनुसार रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
किसी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। ईसीआई ने यह भी कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति सहित पर्याप्त उपाय किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी और सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
गौरतलब है कि ओडिशा से राज्यसभा के चार सांसद—ममता महंत, मुज़िबुल्ला ख़ान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी—का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है।
यह भी पढ़ें- जुड़वां भाइयों के \“जुड़वां\“ नंबर... JEE Mains सेशन 1 में ओडिशा के महरूफ और मसरूर ने किया कमाल
यह भी पढ़ें- Odisha News: नाले के सुराख से भागे दो किशोर, अनुगुल बाल सुधार व निगरानी गृह की सुरक्षा फिर बेनकाब |
|