ग्रामीण विकास विभाग के बजट पर बोलते मंत्री श्रवण कुमार। वीडियो ग्रैब
राज्य ब्यूरो, पटना। सात निश्चय-3 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में दोगुना रोजगार और दोगुना आय सुनिश्चित कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मंगलवार को विधानसभा में ग्रामीण विकास विभाग के बजट पर सरकार की ओर से उत्तर देते हुए विभागीय मंत्री श्रवण कुमार ने इसकी प्रतिबद्धता दोहराई।
बताया कि वी-वीजी-रामजी योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण हाट विकसित किए जा रहे हैं।
जल-जीवन हरियाली अभियान से हरित क्षेत्र के साथ भूजल स्तर में वृद्धि का दावा करते हुए उन्होंने अब तक मिले पुरस्कारों का विशेषकर उल्लेख किया।
326 पौधाशालाओं की क्षमता 3.83 करोड़ से ज्यादा
बताया कि अब तक 21 करोड़ 13 लाख पौधे लगाए गए। कुल 326 पौधशालाओं की क्षमता तीन करोड़ 83 लाख 34 हजार से अधिक की है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में 82 प्रखंडों व अंचलों के कार्यालय भवन व आवासीय परिसर का निर्माण हो रहा है। पटना जिला के बिहटा में विकास प्रबंधन संस्थान की स्थापना के लिए 250 करोड़ की लागत से भवन निर्माण कराया जा रहा है।
लोहिया स्वच्छता बिहार अभियान के अंतर्गत अब तक एक करोड़ 22 लाख शौचालय बनाए जा चुके हैं। दूसरे चरण में पांच लाख व्यक्तिगत शौचालय बनाने का लक्ष्य है।
सभी शेष ग्राम पंचायतों को ओडीएफ-प्लस माडल बनाया जाएगा। मनरेगा के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य और उपलब्धियों की चर्चा करते हुए मंत्री ने बिहार में इस योजना को सफल बताया। पशु शेड का निर्माण और जीविका भवन की स्वीकृति भी मनरेगा के अंतर्गत दी गई है।
- मानव दिवस : 2025-26 में केंद्र सरकार से मनरेगा के अंतर्गत बिहार को 21 करोड़ मानव दिवस का लक्ष्य मिला है। अभी तक 19 करोड़ 75 लाख मानव दिवसों का सृजन हुआ है।
- खेल का मैदान : मनरेगा से हर पंचायत में खेल का मैदान बनाया जा रहा, जहां सरकारी भूमि उपलब्ध है। 5324 खेल मैदान के निर्माण का लक्ष्य है। अब तक 5104 मैदान बनाए जा चुके हैं।
- तालाब-पईन : मनरेगा द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में अभी तक 5590 तालाब-पोखर, आहर-पईन का जीर्णोद्धार कराया गया है।
- पर्यावरण और पुरस्कार : जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दुबई के सीसीपो-28 सम्मेलन में वैश्विक स्तर पर सराहना हुई। चतुर्थ राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2022 में सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में तृतीय पुरस्कार मिला। 20वें सीएसआइ ई-गर्वनेंस पुरस्कार में परियोजना श्रेणी में अवार्ड आफ एक्सीलेंस प्राप्त हुआ है।
विपक्ष की अनुपस्थिति और आसन की आपत्ति
मत विभाजन के दौरान विपक्ष के सभी सदस्य सदन से अनुपस्थित रहे। कटौती प्रस्ताव पर अपनी बात रखने के बाद राजद के सभी सदस्य सदन से उठकर चले गए।
उसी बीच आसन पर उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव आ गए। तब वामदलों से अरुण कुमार, अजय कुमार और संदीप सौरभ सदन में रह गए थे।
आसन से कहा गया कि इतने महत्वपूर्ण बजट पर चर्चा हो रही और विपक्षी सदस्य सदन में नहीं। चुटकी लेते हुए ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि जब सदन में रहना नहीं होता है, तो विपक्ष कटौती प्रस्ताव क्यों लाता है।
अंतत: वामदलों के अजय कुमार, अरुण कुमार, संदीप सौरभ भी सदन से उठकर चले गए। उसके बाद ग्रामीण विकास विभाग के साथ विधानसभा ने ऊर्जा विभाग, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, वित्त विभाग, वाणिज्य-कर विभाग एवं पेंशन से संबंधित मांगों को स्वीकृति दे दी।
चर्चा में ये थे सहभागी : राहुल शर्मा, गौतम कृष्ण, राजू तिवारी, विजय कुमार खेमका, कोमल सिंह, मनोज विश्वास, विष्णुदेव पासवान, तौसीफ आलम, संदीप सौरभ, अजय कुमार, ललन राम, आनंद माधव, देवेशकांत, सूबेदार दास, विशाल कुमार, डा. प्रकाश चंद्र और सुजीत कुमार ने भाग लिए। |