बादशाहनगर स्टेशन के प्लेटफार्म तीन व चार के बीच एक ही लाइन - प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफार्म के बीच एक ही रेल लाइन है। इस लाइन पर आने वाली ट्रेन कौन से प्लेटफार्म की कहलाएगी ? यह सवाल रेलयात्री रविशंकर ने मंगलवार को रेलवे से पूछ लिया। पहले तो रेलवे सवाल को टालने का प्रयास करता दिखा। यात्री से उनका मोबाइल नंबर साझा करने को कहा। यात्री ने दोबारा सवाल किया तो बताया कि आपका सुझाव मुख्यालय स्तर को भेजा जाएगा।
दरअसल बादशाहनगर स्टेशन पर चार प्लेटफार्म हैं। प्लेटफार्म एक से अधिकांश बाराबंकी की ओ जाने वाली ट्रेनें आती हैं। वहीं, बाराबंकी की ओर से आने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर दो से गुजरती हैँ। रेलवे ने पेपरमिल कालोनी की ओर सेकेंड एंट्री तैयार की है। इस ओर प्लेटफार्म नंबर तीन और चार बना है।
तीन और चार नंबर के बीच केवल एक ही लाइन है। रेलवे ने यह काम स्थान कम होने के कारण किया है। इस एक लाइन पर आने वाली ट्रेनों के यात्री प्लेटफार्म नंबर तीन और चार दोनों पर उतर सकते हैं। हालांकि इसे लेकर यात्रियों के भीतर संशय भी है। यदि ट्रेन इस लाइन पर आए तो इसे प्लेटफार्म तीन की माना जाए या चार की। इसे लेकर रेलवे से सवाल पूछे जा रहे हैँ।
गोरखधााम से हटाएं सुपरफास्ट का दर्जा
एक दूसरा सवाल गोरखधाम एक्सप्रेस के सुपरफास्ट के दर्जे को लेकर उठ रहा है। विशेषकर बठिंडा से आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस पिछले कई सप्ताह से लेट लतीफी का शिकार हो रही है। मंगलवार को गोरखधाम एक्सप्रेस 3:28 घंटे की देरी से आयी।
कानपुर से लखनऊ की 72 किलोमीटर की दूरी 3:12 घंटे में तय की। यात्री उत्तम त्रिपाठी ने रेलवे से शिकायत दर्ज करते हुए कहा कि इस ट्रेन का सुपरफास्ट का दर्जा हटा देना चाहिए। यह ट्रेन हमेशा लेट चलती है और इसकी औसत गति भी बहुत कम है। गोरखधाम एक्सप्रेस में एसी प्रथम श्रेणी का सुपरफास्ट चार्ज 75 रुपये, एसी थर्ड और एसी सेकेंड का 45 रुपये व स्लीपर का 30 रुपये लगता है। |
|