search

डायल 112 की गाड़ी में ‘डील’? छपरा में महिला पुलिसकर्मी द्वारा युवक से वसूली का VIDEO वायरल

LHC0088 Yesterday 22:26 views 732
  

वायरल वीडियो में दिख रही शहर की गंडक कॉलोनी। वीडियो ग्रैब  



जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा में पुलिस द्वारा एक युवक से भयदोहन कर रुपये वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी युवक को छोड़ने के बदले पांच हजार रुपये की मांग करती हुई दिखाई दे रही है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

यह वीडियो वॉयस ऑफ छपरा नामक पेज पर साझा किया गया है। वीडियो की अवधि करीब एक मिनट 23 सेकंड  है। इसके वायरल होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।  
डायल 112 की गाड़ी में घुमाने का दावा

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मामला नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है और इसमें डायल 112 नंबर की पुलिस गाड़ी शामिल है।

वीडियो में युवक को पुलिस वाहन के पीछे बैठा दिखाया गया है, जबकि एक महिला पुलिसकर्मी उससे रुपये की मांग करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि युवक को गंडक कॉलोनी इलाके में वाहन में बैठाकर इधर-उधर घुमाया गया।
पांच हजार की मांग, युवक करता दिखा मोलभाव

वीडियो में महिला पुलिसकर्मी युवक से यह कहते हुए सुनी जा रही है कि उसे छोड़ने के बदले पांच हजार रुपये देने होंगे। युवक बार-बार पांच सौ रुपये देने की बात करता है और शेष रकम बैंक से निकालकर देने की बात कहता है।

वह पुलिसकर्मी से मोलभाव करता भी नजर आता है, जबकि पुलिसकर्मी युवक के साथ मौजूद लड़की से भी पैसे दिलाने की बात कहती सुनाई देती है।
करियर बर्बाद करने की धमकी का भी आरोप

वीडियो में कथित तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि युवक का करियर बर्बाद कर दिया जाएगा। इस दौरान वाहन की आगे वाली सीट पर एक अन्य पुलिसकर्मी के बैठे होने का भी दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर आक्रोश

वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे तेजी से साझा कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हालांकि, इस पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161475