सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सहयोगी, जागरण, संभल। इंश्योरेंस कंपनी से बीमा क्लेम के लिए मौत का कारण गलत दर्शा दिया और गंभीर बीमारी की जानकारी छिपा ली। मामले में पुलिस ने एक ग्रामीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।
मौत का कारण छिपाकर बीमा क्लेम का प्रयास, एक पर प्राथमिकी
बरेली स्थित कोटेक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर दीपक कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में बताया कि गांव कमलपुर सराय निवासी बीमा पॉलिसी धारक सीता कुमारी का क्लेम 29 अगस्त 2023 को प्राप्त हुआ था। कंपनी स्तर पर की गई जांच में पाया गया कि बीमित व्यक्ति बीमा कराए जाने से पहले ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। बताया कि बीमित व्यक्ति की मृत्यु 27 फरवरी 2023 को हो चुकी थी।
कोटेक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के बीडीएम की तहरीर पर रायसत्ती थाने हुई कार्रवाई
आरोप है कि नॉमिनी महेंद्र ने मृत्यु का वास्तविक कारण छिपाते हुए अचानक तेज बुखार से मौत होना दर्शाया और संबंधित चिकित्सीय तथ्यों को दबाकर बीमा क्लेम के लिए आवेदन के साथ अभिलेख प्रस्तुत कर दिए। जांच में दस्तावेजों में विसंगतियां मिलने पर कंपनी ने मामले को गंभीरता से लिया और एसपी से इसकी शिकायत की।
एसपी के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
एसपी के आदेश पर रायसत्ती थाना पुलिस ने हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर सराय निवासी महेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक निशांत राठी का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। मेडिकल अभिलेखों और बीमा दस्तावेजों का मिलान कराया जाएगा। |
|