दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर आरोप लगाया कि वे स्कूलों के विवादों को सिर्फ दिखावा (optics) और राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली का हर बच्चा हमारा अपना बच्चा है। चाहे वह सरकारी स्कूल में पढ़ता हो या प्राइवेट स्कूल में, मेरे घर और मेरे ऑफिस के दरवाजे हर बच्चे और अभिभावक के लिए 24 घंटे, 7 दिन हमेशा खुले रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और वे खुद छात्रों के \“लोकल गार्जियन\“ की तरह उनके साथ खड़े हैं। परीक्षाओं के इस तनावपूर्ण समय में बच्चों से अपील की कि वे बिना किसी चिंता के सिर्फ अपनी पढ़ाई और परीक्षा पर पूरा ध्यान दें।
मंत्री ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले 5 सालों में AAP ने स्कूलों के विवादों को सुलझाने की बजाय उन्हें अपनी राजनीति का हिस्सा बनाया और सिर्फ दिखावा (optics) करने की कोशिश की। उन्होंने उदाहरण दिया कि स्कूल को सुबह सील करने का ड्रामा किया गया, लेकिन कोर्ट ने चंद मिनटों में ही उसे खोल दिया। फीस वसूली के लिए किसी भी दमनकारी या गलत तरीके की अनुमति नहीं दी जाएगी, और इस समस्या को वरिष्ठ अधिकारियों व अभिभावकों के साथ मिलकर सुलझाया गया है।
उन्होंने Apeejay School के छात्रों को एडमिट कार्ड दिलाने के बाद कहा कि सरकार हर छात्र के शैक्षणिक भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लाखों छात्रों को \“ऑल द बेस्ट\“ कहते हुए बोले कि हमारा सबसे बड़ा दायित्व बच्चों को मानसिक मजबूती और हौसला देना है, ताकि वे बिना तनाव के अच्छा प्रदर्शन करें, अपने परिवार और दिल्ली का नाम रोशन करें। मंत्री ने जोर दिया कि सरकार का फोकस बच्चों के परफॉर्मेंस और भविष्य पर है, न कि सोशल मीडिया पर “ट्विटर-ट्विटर“ खेलने पर।
मामला क्या है?
साकेत के एपीजे स्कूल (Apeejay School) में फीस बढ़ोतरी के विवाद के कारण कुछ छात्रों के एडमिट कार्ड रोके गए थे। परीक्षा शुरू होने से पहले AAP ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन मंत्री आशीष सूद ने अभिभावकों और स्कूल वालों से बात करके समस्या सुलझा दी। अब उन छात्रों को एडमिट कार्ड मिल गए हैं।
यह भी पढ़ें- द्वारका हिट एंड रन मामले में सोशल मीडिया पर छलका मृतक की मां का दर्द, न्याय की लगा रही गुहार |