Hathauri Aurai Road Construction: भूमि की दर के निर्धारण के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bagmati River Bridge Project: करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हथौड़ी–अतरार–बभनगामा–औराई पथ और बागमती नदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भूमि की दर, किस्म और वर्गीकरण तय करने के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी को दो माह के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला भू-अर्जन कार्यालय को सौंपनी है। रिपोर्ट के आधार पर रैयतों को मुआवजा भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।
इस परियोजना को बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से क्रियान्वित किया जा रहा है। निगम के उपमहाप्रबंधक ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को पत्र भेजकर कमेटी गठन की जानकारी दी है। साथ ही बीआरडीसीएल की ओर से एक पदाधिकारी को कमेटी में शामिल करने के लिए नामित किया गया है।
करीब 21 किलोमीटर लंबे इस पथ के निर्माण के साथ बागमती नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा, जिससे सड़क की पूर्ण कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी। परियोजना के लिए 25 गांवों में लगभग 14 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जाना है, जिसकी अधियाचना पहले ही जिला भू-अर्जन कार्यालय को सौंपी जा चुकी है।
यह फोरलेन सड़क बनने के बाद सीतामढ़ी और नेपाल की ओर आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। बागमती नदी पर पुल बनने से जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क स्थापित होगा और क्षेत्रीय यातायात को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है और शीघ्र ही विभाग की ओर से टेंडर जारी किए जाने की संभावना है। |
|