ओडिशा के लापता नाविक सार्थक
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। लापता ओडिया नाविक सार्थक महापात्र की मां और उनके मामा शुक्रवार को सिंगापुर रवाना हुए हैं, ताकि उनका पता लगाया जा सके। सूत्रों के अनुसार, सार्थक की मां रश्मिता महापात्र अपने भाई (सार्थक के मामा) के साथ सिंगापुर गई हैं। जिस जहाज पर सार्थक सेवा दे रहा था, उसके 15 फरवरी को सिंगापुर पहुंचने की संभावना है।
जहाज के सिंगापुर बंदरगाह पर पहुंचने के बाद, मां और मामा स्वयं जहाज पर चढ़कर सार्थक की तलाश करेंगे। दोनों परिजनों के पूरे यात्रा खर्च का वहन शिपिंग कंपनी करेगी। वीजा व्यवस्था और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं में भारत और सिंगापुर की सरकारें सहयोग कर रही हैं।
एक सप्ताह से अधिक समय से लापता
मर्चेंट नेवी का कैडेट सार्थक एक सप्ताह से अधिक समय से लापता है। बताया जा रहा है कि वह मॉरीशस के पास गहरे समुद्र में रहस्यमय परिस्थितियों में जहाज से गायब हो गए थे। लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
सार्थक की मां रश्मिता महापात्र ने कहा कि मेरे छोटे भाई और मैं उस कंपनी की सभी व्यवस्थाओं के तहत सिंगापुर जा रहे हैं, जिसमें मेरा बेटा सेवा दे रहा था। सिंगापुर के हाई कमिश्नर ने वीज़ा व्यवस्था के बारे में पूछताछ के लिए हमें फोन किया।
हमने अपने दस्तावेज उन्हें ईमेल कर दिए हैं। जहाज 15 फरवरी को सिंगापुर पहुंचेगा। हम एक टीम के साथ जहाज पर जाकर सार्थक का पता लगाने की कोशिश करेंगे। |
|