LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 536
UP Board Exam 2026 टाॅपर देने वाले परीक्षा केंद्र विशेष निगरानी में रहेंगे।
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP Board Exam 2026 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिट की परीक्षा नकलविहीन और शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए यूपी बोर्ड ने आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से निगरानी शुरू करा दी है। विशेष रूप से उन केंद्रों की आनलाइन निगरानी की अलग से योजना तैयार की गई है, जहां के परीक्षार्थी पिछले तीन वर्ष की परीक्षा में प्रदेश स्तरीय मेरिट में स्थान बनाने में सफल हुए थे।
कंट्रोल रूम में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात
UP Board Exam 2026 इन केंद्रों की परीक्षा की आनलाइन निगरानी के लिए अतिरिक्त कर्मचारी कंट्रोल रूम में तैनात किए गए हैं। इसी के साथ कई जिलों में शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम की डबल लाक अलमारी में रखवाया गया।
स्ट्रांग रूमों की आनलाइन निगरानी
UP Board Exam 2026 प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूमों की डबल लाक अलमारी में पुलिस निगरानी में पहुंचाए जाने के बाद यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कमांड एंड कंट्रोल रूम से रात में भी स्ट्रांग रूमों की आनलाइन निगरानी शुरू करा दी है।
आफलाइन निगरानी भी बढ़ाई जाएगी
टापर देने वाले केंद्रों की परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है। इन केंद्रों पर आफलाइन निगरानी भी बढ़ाई जाएगी। कंट्रोल रूम में करीब 80 कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है।
संवेदनशील जिलों एवं केंद्रों पर दो-दो कर्मी
तीनों पालियों में निगरानी किए जाने का पर्यवेक्षण करने के लिए उप सचिव, सहायक सचिव एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी नियुक्त किया गया है। ड्यूटी मंडलवार लगाई गई है। संवेदनशील जिलों एवं संवेदनशील केंद्रों पर निगरानी के लिए दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। |
|