आजसू ने झारखंड निकाय चुनाव से बनाई दूरी
राज्य ब्यूरो, रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि सत्ताधारी दल झामुमो–कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अपनी-अपनी पार्टी के नेताओं को समर्थन देने का निर्णय लिया है। अगर उन्हें इस चुनाव में जोर-आजमाइश ही करनी थी तो वे दलीय आधार पर ही चुनाव करा लेते।
आजसू पार्टी राजनीतिक नैतिकता का पालन करते हुए किसी भी प्रत्याशी का समर्थन नहीं करने का निर्णय लिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिला समितियां अपने स्तर पर इस पर निर्णय लेंगी।
पार्टी कार्यालय में मिलन समारोह आयोजित
बुधवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से कराने पर भी संदेश हो रहा है।
मिलन समारोह में दूसरे दलों के कई कार्यकर्ताओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सुदेश ने कहा कि अब वह समय आ गया है जब सुलझे हुए और जागरूक युवा झारखंड की बागडोर अपने हाथों में लेने को तैयार हैं। यह सदस्यता ग्रहण उसी जनविश्वास का एक छोटा सा उदाहरण है।
इस मौके पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार आदि उपस्थित थे।
बुधवार को ही पार्टी कार्यालय में अमर शहीद तिलका मांझी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा में पार्टी अध्यक्ष श्री सुदेश महतो एवं अन्य नेता उपस्थित थे। |
|