संवाद सूत्र, सहसवान। एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर दहेज की मांग के चलते मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। इस मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव लदपुरा निवासी श्यामवती का कहना है कि उसके माता-पिता ने उसकी शादी करीब तीन साल पहले कुकरईया निवासी मुनीश पुत्र हप्पू के साथ की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार करीब छह लाख रुपए खर्च किए थे। आरोप है कि पति मुनीश और सास ससुर शादी में दिए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दहेज में मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न शुरू कर दिया। इसी मांग को लेकर पांच अक्टूबर की रात 10 बजे सभी लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और उसे बचाया। इसके बाद वह मायके चली आई और तब से वहीं रह रही है। इस बीच समझौते के प्रयास किए गए लेकिन सहमति नहीं बन सकी। पीड़ित ने अपने पति मुनीश, सास और ससुर के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। |