गुरदासपुर सीमा पर धुंध में दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, सुरक्षा बल अलर्ट
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के कलानौर में सीमा से सटे इलाकों में दो जगहों पर ड्रोन एक्टिविटी देखी गई है। इस घटना के बाद से ही सीमा सुरक्षा बल और पुलिस के जवान अलर्ट हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ सेक्टर गुरदासपुर के अधीन आने वाली चंदू वडाला सीमा चौकी व आबाद सीमा चौकी पर गुरुवार रात को घनी धुंध के दौरान पाकिस्तान की तरफ से भारतीय क्षेत्र में दो ड्रोन के घुसपैठ की सूचना मिली।
इस एक्टिविटी के बाद से ही कलानौर और डेरा बाबा नानक पुलिस स्टेशन के अधीन आने वाले सीमावर्ती गांव चंदू वडाला और आबाद क्षेत्र में साझा ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के जवान पाकिस्तान की हर नापाक हरकत पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान से ड्रोन भेजने की घटनाएं बढ़ी हैं।
सेना से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पड़ोसी मुल्क भारत की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए अपने हैंडलर्स तक हथियार और ड्रग्स की सप्लाई करना चाहता है। हालांकि, सुरक्षाबलों की सतर्कता से वह अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पा रहे। |