मृत्युंजय पाठक, देवघर। BJP Plans Anti-Hemant Govt Campaign: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को दो दिवसीय झारखंड प्रवास के तहत देवघर पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की और राज्य की राजनीतिक स्थिति सहित संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राज्य में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए सक्रिय अभियान चलाएं और उन वर्गों को भी जोड़ें, जो अब तक भाजपा से दूर रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
देवघर सर्किट हाउस में झारखंड प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करते जेपी नड्डा।
नड्डा ने बैठक में स्पष्ट कहा कि भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी झारखंड की महागठबंधन (JMM, Congress, RJD, CPI ML) सरकार और उसके विधायकों के कार्यों का आकलन करे तथा जनता को उनकी कमियों से अवगत कराए। झामुमो गठबंधन सरकार के खिलाफ नैरेटिव खड़ा करें।
उन्होंने कहा कि जो विधायक जनता से दूर हैं, जनसरोकारों की अनदेखी कर रहे हैं या नकारात्मक कार्यों में लिप्त हैं, उनकी जानकारी तथ्यों सहित जनता तक पहुंचाई जाए। साथ ही, भाजपा सरकारों के विकास कार्यों और हेमंत सरकार की विफलताओं की तुलनात्मक प्रस्तुति भी जनता के बीच की जाए, ताकि पार्टी के प्रति जनमत मजबूत हो और महागठबंधन सरकार के प्रति नफरत और जनाक्रोश पैदा हो।
उन्होंने पदाधिकारियों को अधिक से अधिक क्षेत्रों में प्रवास करने पर जोर दिया। निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी हर महीने कम से कम 10 से 15 दिन जिलों और बूथ स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करें, रात्रि विश्राम भी क्षेत्र में ही करें और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दें।
नड्डा ने एसआइआर और घुसपैठ से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील विषय है, इसलिए प्रदेश संगठन ऐसी स्थितियों पर कड़ी नजर रखे। उन्होंने अवैध रूप से बस गए बाहरी लोगों की पहचान कर उसके संबंध में चुनाव आयोग को आवश्यक जानकारी देने की बात कही।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और मोर्चा नेताओं ने हिस्सा लिया। इनमें नीलकंठ सिंह मुंडा, राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, आरती कुजूर, मनोज कुमार सिंह, गणेश मिश्र, सरोज सिंह, नंदजी प्रसाद, दुर्गा मरांडी, सुनीता सिंह, मुन्ना मिश्र, दिलीप वर्मा, मनोज महतो वाजपेयी, सीमा पासवान, दीपक बंका, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, प्रतुल शाह देव, राफिया नाज सहित अनेक पदाधिकारी शामिल थे। |