डोंगा में गन्ना गिराते मिल अधिकारी और किसान। जागरण
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज। न्यू स्वदेशी शुगर मिल नरकटियागंज में 2025-26 के गन्ना पेराई सत्र का शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा पर कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी बैठे। मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नारियल फोड़कर तथा डोंगा में गन्ना डालकर पेराई सत्र का उद्घाटन किया गया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि इस वर्ष किसानों को बेहतर सुविधा, आधुनिक तकनीक और विशेष प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस पेराई सत्र में मिल प्रबंधन ने 1.10 करोड़ क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। चीनी मिल किसानों के लिए विकास, प्रशिक्षण और आधुनिक खेती का मार्गदर्शक है।
किसानों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए इस बार कई नई रियायतें और योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे उत्पादन बढ़ने के साथ लागत में भी कमी आएगी। कार्यपालक अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले रोग-मुक्त बीज, उन्नत कृषि उपकरण, खाद, बायो-कम्पोस्ट और सहफसली खेती के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।
गन्ना आपूर्ति को सुचारू करने के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। किसानों को आपूर्ति से पहले एसएमएस के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। खुंटी गन्ने को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने किसानों से सहयोग की अपील की। कहा कि मिल प्रबंधन ने सुव्यवस्थित तरीके से कैलेंडर तैयार किया है और उसी के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मिल के पुरोहित राधेश्याम चतुर्वेदी ने विधिवत पूजा-अर्चना की। मौके पर कार्यपालक उपाध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी, इंजीनियरिंग हेड जितेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष (वित्त) रत्नेश झा, एचआर नवीन तिवारी, गन्ना महाप्रबंधक केएस ढाका, गन्ना उप महाप्रबंधक प्रेम सिंह, आईटी हेड रजनीश सिंह, राजेश पांडेय, शैलेंद्र सिंह, रवि सिंह, मनोज मिश्र, सुधीर मिश्र, जीत बहादुर सिंह, चिकित्सक डा. अवध किशोर सिंह, किसान प्रदीप दुबे, शंभू तिवारी, शंकर शरण सिंह, गुलरेज अख्तर, हेमेन्द्र तिवारी, विजय मणि तिवारी, मुन्ना त्यागी, बलिराम सिंह यादव आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
एचपीसीएल, लौरिया में होगी 45 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई
लौरिया : नगर पंचायत क्षेत्र के एचपीसीएल चीनी मिल में पूरे विधि-विधान के साथ डोंगा पूजा के पेराई सत्र की विधिवत शुरुआत की गई। चीनी मिल के जीएम सुमित पाल भाटी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
पेराई सत्र निर्बाध रूप से चले, इस कामना के साथ बड़ी संख्या में मिल परिसर में जुटे गन्ना किसानों ने भी हवन व पूजा अर्चना में सहभागिता निभाई। जीएम सुमित पाल ने भाटी बताया कि पिछले वर्ष गन्ना पेराई सत्र शुरुआत से केवल 100 दिन ही चल सका। इस कारण केवल 35 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई थी। बीते वर्ष का गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को कर दिया गया है।
नए सत्र के दौरान 45 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। मौके पर डीजीएम बेदपाल सिंह, एसपी पाण्डेय, शैलेस मिश्रा, वीके सिंह, प्रभाकर मिश्रा, रौशन सिंह, राजकुमार उर्फ राजु ठाकुर, रामबाबू जैसवाल, अखिलेश राय, जगतनारायण राय, सुजीत राव, राजेश्वर शुक्ला, अवधेश शुक्ला सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
मझौलिया चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत आज से
मझौलिया : मझौलिया चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत शनिवार से हो रही है। मुख्य गन्ना प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि इस बार 60 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की जाएगी।
गन्ना मूल्य का भुगतान पिछले सत्र के मूल्य के आधार पर ही किया जाएगा। अगर सरकार इसमें संशोधन करती है, तो उसके अनुसार भुगतान होगा। उन्होंने सभी किसानों से गन्ना कटाई के बाद इसे बेहतर तरीके से सफाई कर लाने का अनुरोध किया है। |