जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में शुष्क मौसम के बीच चटख धूप खिलने से दिन में तपिश बनी हुई है। हालांकि, पहाड़ से लेकर मैदान तक रातें कंपाने लगी हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। देहरादून में ही नवंबर के पहले पखवाड़े में बीते पांच वर्ष में इस बार सबसे सर्द रातें हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। आने वाले दिनों में पारे में और गिरावट आने की आशंका है।
दून में बुधवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वहीं, मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह पारा वर्ष 2020 के बाद पहली बार नवंबर के पहले पखवाड़े में पहुंचा है।
आमतौर पर दून में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ही न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया जाता है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि अधिकतम सामान्य से अधिक बना हुआ है। ऐसे में स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
बच्चे-बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहने रखने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है। जबकि, उसके बाद तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी छा सकता है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 28.4, 10.0
ऊधमसिंह नगर, 27.4, 8.9
मुक्तेश्वर, 21.1, 6.4
नई टिहरी, 20.0, 6.2 |