जागरण संवाददाता, मोदीनगर। स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध क्षेत्र में थम नहीं रहा है। गांव सीकरी खुर्द के बाद अब बेगमाबाद में भी लोगों ने स्मार्ट मीटर का विरोध शुरू कर दिया है। गुस्साए लोगों ने बुधवार अपने घर पर स्मार्ट मीटर ना लगाने के नोटिस चस्पा किए हैं। जिसके फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इन दिनों विद्युत विभाग की तरफ से शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। लेकिन लोग स्मार्ट मीटर के विरोध में हैं। आए दिन शहर में लोगों द्वारा विद्युत विभाग टीम का विरोध करने के मामले सामने आ रहे हैं। अब बेगमाबाद में भी कई जगहों पर लोगों ने बुधवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में घर पर नोटिस लगाए हैं।
उस पर लिखा है कि हमें नहीं चाहिए स्मार्ट मीटर, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) के हमारे अधिकार के अनुसार नहीं चाहिए स्मार्ट मीटर। ऐसे नोटिस राकेश शास्त्री, रोहित, डब्बु, उमेश, चंद्रशेखर, सोनू, सत्येंद्र, आकाश आदि के घरों पर भी लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिल अधिक आ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए तो आंदोलन किया जाएगा।
10 तक चलेगा फार्मर रजिस्ट्री अभियान
उधर, जिन किसानों ने अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन फार्मर रजिस्ट्री के लिए नहीं कराया है, तो वे जरूर करा लें। तहसील प्रशासन की तरफ से केवल 10 नवंबर तक यह अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद किसानों को स्वयं अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जो किसान रजिस्ट्रेशन कराने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें भविष्य में किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल सकेगा।
मोदीनगर तहसील क्षेत्र के अभी 30 फीसद ही किसान ऐसे हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। शासन की तरफ से किसानों का फार्मर रजिस्ट्री अभियान शुरू किया गया है। जिसमें किसान व उनकी जमीन से संबंधित जानकारी दर्ज कराई जा रही है। इससे एक ही क्लिक पर किसान का डाटा सामने होगा।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए मोदीनगर तहसील प्रशासन ने अभियान शुरू कराया हुआ है। जिसके अंतर्गत सभी 130 गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं। मौके पर किसानों का निश्शुल्क रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। मोदीनगर के करीब 40 हजार किसानों में से 28 हजार किसानों का रजिस्ट्रेशन कार्य पूरा हो चुका है।
यह अभियान 10 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद कोई शिविर तहसील प्रशासन नहीं आयोजित करेगा। ऐसे में किसानों को स्वयं ही रजिस्ट्रेशन करना होगा। एसडीएम मोदीनगर अजित कुमार सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रे्शन के लिए किसान गांव के लेखपाल या पंचायत सहायक से संपर्क कर सकते हैं। जरूरी दस्तावेज लेकर मौके पर ही उनका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। किसानों से अपील है कि 10 नवंबर से पहले अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करा लें। |