जेएनयू छात्र संघ चुनाव में वामपंथी गठबंधन तीन पदों पर आगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ चुनाव की मतगणना देर रात से जारी है और जैसे-जैसे मतों की गिनती आगे बढ़ रही है, वामपंथी गठबंधन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
रात करीब 1 बजे तक 1,179 मतों की गिनती पूरी हो चुकी थी। अब तक के रुझानों में एबीवीपी तीन पदों पर पिछड़ रही है, जबकि जनरल सेक्रेटरी पद पर उसके प्रत्याशी राजेश्वर ने बढ़त बना रखी है।
अध्यक्ष पद पर वाम गठबंधन की बढ़त
अब तक के परिणामों के अनुसार, अध्यक्ष पद पर वामपंथी गठबंधन की उम्मीदवार अदिति मिश्रा 443 मतों के साथ आगे चल रही हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीएसए की विजयालक्ष्मी को 312 वोट मिले हैं, जबकि एबीवीपी के विकास पटेल 308 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस पद पर वामपंथी गठबंधन को शुरुआती बढ़त मिलने से उनके खेमे में उत्साह है।
उपाध्यक्ष पद पर वामपंथी गठबंधन की मजबूत पकड़
उपाध्यक्ष पद पर भी वामपंथी गठबंधन की गोपीका ने अब तक 661 वोट प्राप्त किए हैं, जबकि एबीवीपी की तान्या 379 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। एनएसयूआइ के शनावाज को 95 मत मिले हैं। इस पद पर वाम गठबंधन को निर्णायक बढ़त मिलती दिख रही है।
महासचिव पद पर एबीवीपी के राजेश्वर आगे
चारों प्रमुख पदों में से एकमात्र महासचिव पद पर एबीवीपी के राजेश्वर ने बढ़त बनाई हुई है। उन्हें अब तक 436 वोट मिले हैं, जबकि वाम गठबंधन के उम्मीदवार सुनील को 416 वोट मिले हैं। यह मुकाबला बेहद नजदीकी बना हुआ है, और आगे की गिनती इस पद का परिणाम तय कर सकती है। वहीं, बीएपीएसए के शुआइब को 193 और एआइएसएफ के गोपि को 58 मत मिले हैं।
संयुक्त सचिव पद पर वाम गठबंधन आगे
संयुक्त सचिव पद पर भी वाम गठबंधन का पलड़ा भारी है। दानिश को 540 मत मिले हैं, जबकि एबीवीपी के अनुज को 365 वोट मिले हैं। यह पद भी फिलहाल वामपंथी गठबंधन के कब्जे में जाता दिख रहा है।
अब तक की मतगणना से स्पष्ट है कि जेएनयू में एक बार फिर वामपंथी गठबंधन का दबदबा दिखाई दे रहा है। हालांकि, महासचिव पद पर एबीवीपी ने मजबूत चुनौती पेश की है। देर रात तक जारी मतगणना के साथ दोनों खेमों में उत्सुकता और जोश चरम पर है। अंतिम परिणाम गुरुवार सुबह तक आने की संभावना है। |