प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आप ट्रेन की टिकट बुक कराने जा रहे हैं तो एक बार चार्ट जरूर देख लें। खासकर 25 नवंबर से लेकर 30 दिसंबर तक। इसकी वजह यह है कि इस अवधि और फरवरी के दूसरे सप्ताह तक 77 ट्रेनें रद हैं। इसमें आगरा मंडल सहित अन्य की ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनों के रद होने की वजह कोहरा और ट्रैक की मरम्मत है। इसे लेकर रेलवे लगातार प्रचार प्रसार करा रहा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
25 नवंबर से फरवरी के दूसरे सप्ताह तक 77 से अधिक ट्रेनें हैं रद
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे की मार के चलते ट्रेनों की गति धीमी हो जाती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया जाता है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनें चलाई जाती हैं। दो माह ट्रैक की मरम्मत सहित अन्य कार्य भी होने हैं। जिस पर ट्रेनों को रद किया गया है। दर्जनभर के करीब ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। उधर, दीपावली व छठ पूजा के बाद आगरा कैंट रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या घटकर 24 हजार और आगरा किला स्टेशन से 22 हजार रह गई है।
देरी से चल रही हैं ट्रेनें
धुंध के चलते मंगलवार को ट्रेनों की गति धीमी रही। आगरा रेल मंडल से होकर गुजरने वाली दर्जनभर ट्रेनें एक से पांच घंटे तक देरी से चलीं। रेलवे हेल्पलाइन में 1800 शिकायतें पहुंची। इसमें 35 प्रतिशत शिकायतें ट्रेनों के देरी से चलने को लेकर रहीं।
33 हजार यात्रियों से वसूला 2 करोड़ रुपये का जुर्माना
रेल मंडल आगरा टीम ने अक्टूबर में विशेष जांच अभियान चलाया। 33 हजार यात्रियों से दो करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। 17 हजार बेटिकट यात्रियों से 1.19 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरक्षित कोच में गलत तरीके से यात्रा करने पर 16 हजार यात्रियों पर कार्रवाई कीगई। इन यात्रियों से 82 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय कुमार ने बताया कि इस माह भी विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। |