मुंबई। अभिनेत्री तारा शर्मा सोशल मीडिया पर अक्सर जिंदगी से जुड़े पलों को शेयर करती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने क्राइम थ्रिलर फिल्म 'महारथी' को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की।
शेयर की गई तस्वीरों में फिल्म की बीटीएस भी शामिल हैं। इसमें वे फिल्म के कलाकारों के साथ नजर आ रही हैं।
अभिनेत्री ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग उनके करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक थी। उन्होंने लिखा, "इस फिल्म की शूटिंग बहुत दिलचस्प थी। फिल्म के जरिए मुझे इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों से सीखने का मौका मिला। यह एक 'मिस्ट्री' टाइप फिल्म थी। सेट का माहौल थोड़ा रहस्यमयी और डरावना था और नींद में चलने वाला सीन मेरे लिए खास रहा।"
अभिनेत्री ने आगे लिखा, "इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिवंगत अभिनेता ओम पुरी, बोमन ईरानी और नेहा धूपिया जैसे कलाकार शामिल थे। फिल्म में मेरा किरदार मूल रूप से एक नाटक में मशहूर अभिनेत्री स्वरूप संपत द्वारा निभाया गया था, जिससे प्रेरित होकर यह फिल्म बनाई गई। इस फिल्म का चर्चित गाना मशहूर गायिका शिबानी कश्यप ने गाया है।''
तारा ने अपनी पोस्ट में अपने तत्कालीन मैनेजर का भी शुक्रिया अदा किया, जिनकी वजह से उन्हें यह दमदार रोल मिला था। अभिनेत्री ने आखिर में लिखा, "जिन लोगों ने यह फिल्म देखी है, उनमें से कई को यह बहुत पसंद आई। लेकिन, जब यह रिलीज हुई, तब उस समय देश में कुछ अस्थिर हालात थे, इसलिए इसे उतना ध्यान नहीं मिला, जितना मिलना चाहिए था।"
साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म 'महारथी' परेश रावल द्वारा निर्मित और अभिनीत एक सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर थी, जिसका निर्देशन शिवम नायर ने किया था। यह फिल्म जेम्स हैडली चेस के उपन्यास 'देयर इज ऑलवेज अ प्राइस टैग' पर आधारित है।
फिल्म में एक रिटायर्ड फिल्म निर्देशक जय सिंह अदेनवाला (नसीरुद्दीन शाह) अपनी पत्नी मल्लिका (नेहा धूपिया) की बेवफाई से तंग आकर आत्महत्या कर लेते हैं और मल्लिका को 24 करोड़ का इंश्योरेंस क्लेम पाने के लिए इसे हत्या साबित करने की चुनौती देते हैं। तारा शर्मा ने एक रहस्यमयी 'केयरटेकर' की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Deshbandhu
MaharashtraBollywoodMaharashta Newsbollywood news
Next Story |