चिकन पार्टी के बहाने बुलाया और घात लगाकर किया हमला
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना में चचेरे भाइयों ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने ही चचेरे भाई की कुदाल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार की देर शाम चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत अंतर्गत बुधवाडीह गांव में हुई। मृतक की पहचान बुधवाडीह निवासी द्वारिका यादव (52) के रूप में हुई है।
स्वजनों के अनुसार, शाम करीब पांच बजे गांव के पिंटू यादव ने उन्हें चिकन पार्टी के बहाने घर से बुलाया। पिंटू का घर उनके घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर है। द्वारिका यादव अपने मंझले भाई लालकिशोर यादव के साथ बाइक से वहां जा रहे थे। बाइक लालकिशोर चला रहे थे और द्वारिका यादव पीछे बैठे थे।
बताया जाता है कि रास्ते में बांस की झाड़ी में पहले से घात लगाए बैठे संजय यादव समेत पांच-छह लोगों ने बाइक रोककर लाठी-डंडा, राड और कुदाल से हमला कर दिया। हमले के दौरान लालकिशोर यादव किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन द्वारिका यादव को हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उनके हाथ-पैर और सिर पर गहरी चोटें आईं। घटना की सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल द्वारिका यादव को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात करीब दो बजे उनकी मौत हो गई।
स्वजनों ने बताया कि संजय यादव उनके चचेरे चाचा हैं और पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया कि हमलावर मृतक का मोबाइल भी छीनकर ले गए जो फिलहाल बंद बताया जा रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेंट बरामद कर लिया है। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। घटनास्थल से खून के निशान भी मिले हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एफएसएल टीम भी जांच में जुटी है। - राजेश कुमार, एसडीपीओ, झाझा  |