LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 331
गढ़ी सड़क हादसे में नर्सिंग छात्रा लक्ष्मी की मौत, घायल युवक के बयान दर्ज। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, हांसी। नेशनल हाईवे पर गढ़ी गांव के पास 24 फरवरी को हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाली नर्सिंग छात्रा लक्ष्मी के मामले में बुधवार को सोरखी पुलिस चौकी ने घायल युवक पुनीत के बयान दर्ज किए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद युवती के शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस को दिए बयान में रोहतक के श्याम कॉलोनी निवासी पुनीत ने बताया कि वह पी दास प्रोजिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सीएनसी आपरेटर के पद पर कार्यरत है। उसकी दोस्त लक्ष्मी मदीना स्थित एक नर्सिंग कालेज में जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार को लक्ष्मी कालेज में कुछ कागजात लेने आई थी और उसने पुनीत को मदीना बुलाया था।
पुनीत अपने दोस्त सचिन की बाइक लेकर मदीना पहुंचा। इस दौरान लक्ष्मी ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे हिसार से दवाई लेनी है। इसके बाद दोनों बाइक से हिसार के लिए रवाना हो गए। जब वे आरपीएस स्कूल गढ़ी के पास पहुंचे तो पीछे से आए लंबी बाडी वाले ट्रक के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पुनीत हाईवे से नीचे झाड़ियों में जा गिरा, जबकि लक्ष्मी सड़क पर गिरकर ट्रक के पहियों की चपेट में आ गई। आसपास के लोगों ने दोनों को नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुनीत को गंभीर हालत में हिसार रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी पढ़ाई में मेधावी थी और भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  |
|