जिले में 5 मार्च से शुरू होगी अग्निवीर सेना भर्ती
जागरण संवाददाता, गयाजी। पांच मार्च से शुरू होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती (Agniveer Sena Bharti) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। भर्ती प्रक्रिया को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मगध विश्वविद्यालय के सभागार में मंगलवार को बैठक हुई।
इसमें सेना भर्ती निदेशक कर्नल आर मदन मोहन सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में पांच मार्च से 20 मार्च 2026 तक अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेना भर्ती का आयोजन किया जाएगा। इसमें गया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भाग लेंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर निगम को सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं परिवहन विभाग को यातायात सुचारु रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचें। नियमों का पालन करें। किसी अफवाह पर ध्यान न दें।
यह भी पढ़ें- Agniveer Bharti 2027: अग्निवीर सेना भर्ती के लिए 1 अप्रैल तक भरे जाएंगे फॉर्म, प्रक्रिया में हुआ बदलाव
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस में अग्निवीरों को बड़ा मौका: कॉन्स्टेबल पदों पर 20% आरक्षण, आयु में भी मिलेगी छूट  |