search

हरियाणा: CSSRI करनाल का बड़ा आविष्कार, वैज्ञानिकों ने तैयार किया भूमि सुधार का नया मिश्रण; जिप्सम पर निर्भरता 70% कम होगी

cy520520 1 hour(s) ago views 406
  

सीएसएसआरआइ में प्रयोग के लि‍ए बनाया गया कंपोस्‍ट‍िंंग एरि‍या (फोटो: जागरण)



प्रदीप शर्मा, करनाल। क्षारीय भूमि की बढ़ती समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआइ) का नया नवाचार बड़ी राहत लेकर आया है। संस्थान के विज्ञानियों द्वारा विकसित मिश्रण क्षारीय जमीन के सुधार में 70 प्रतिशत तक जिप्सम पर निर्भरता कम कर सकता है।

इससे किसानों की लागत घटेगी और सीमित उपलब्धता की समस्या से भी निजात मिलेगी। हरियाणा लैंड रीक्लेमेशन एंड डेवलपमेंट कार्पोरेशन की रिपोर्ट के अनुसार भूमि सुधार योजनाओं में प्रति वर्ष करीब 36 हजार मीट्रिक टन जिप्सम की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन अनुदान आधारित आपूर्ति एक वर्ष से प्रभावित है, जिससे किसान परेशान हैं। ऐसे में यह नवाचार सस्ता और टिकाऊ विकल्प बनकर उभरा है।

इस फार्मूले की खासियत यह है कि इसमें रिफाइनरी, थर्मल प्लांटों की राख और शहरी ठोस अपशिष्ट का उपयोग किया गया है। इससे एक ओर औद्योगिक और शहरी कचरे के निस्तारण की समस्या का समाधान होगा, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी। जो अपशिष्ट अब तक पर्यावरण के लिए चुनौती बने थे, वही अब भूमि की सेहत सुधारने में सहायक बनेंगे।

क्षारीय भूमि में सोडियम की अधिकता के कारण फसल उत्पादन प्रभावित होता है। नया मिश्रण मिट्टी की संरचना को संतुलित कर उसकी उर्वरता बढ़ाने में सहायक है। इससे फसल उत्पादन बेहतर होगा और रासायनिक उर्वरक व कीटनाशकों पर निर्भरता घटेगी। परिणामस्वरूप किसानों की आय में वृद्धि और खेती की लागत में कमी संभव होगी।

सीएसएसआरआइ के विज्ञानियों ने रिफाइनरी से निकलने वाले सल्फर, नेशनल थर्मल पावर स्टेशन (एनटीपीसी) से निकलने वाले फ्ल्यू गैस डी-सल्फराइजेशन (एफजीडी) जिप्सम और शहरी ठोस अपशिष्ट से बने कंपोस्ट को मानकों के अनुसार मिलाकर एक प्रभावी मिश्रण तैयार किया है।

खेतों में किए गए प्रयोगों में यह फार्मूला जिप्सम जितना ही प्रभावी साबित हुआ है। सल्फर और एफजीडी में मौजूद कैल्शियम मिट्टी में जमा हानिकारक सोडियम को हटाने में मदद करता है, जबकि म्यूनिसिपल वेस्ट से तैयार कंपोस्ट मिट्टी की जैविक गुणवत्ता को सुधारता है।

इससे जमीन की पीएच वैल्यू संतुलित होती है और जड़ों को बेहतर वातावरण मिलता है। दिल्ली, पानीपत और करनाल के म्यूनिसिपल वेस्ट से बने कंपोस्ट किए गए शोध में इस फार्मूले के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

किसानों को यह होगा सीधा फायदा
- जिप्सम पर निर्भरता घटने से भूमि सुधार की लागत कम होगी
- क्षारीय जमीन जल्दी उपजाऊ बनेगी, उत्पादन में बढ़ोतरी होगी
- शहरों के कूड़े से बने कंपोस्ट से मिट्टी की सेहत सुधरेगी
- सल्फर और एफजीडी से सूक्ष्म पोषक तत्वों की पूर्ति होगी
- बंजर होती जमीन फिर से खेती के योग्य बन सकेगी
- पर्यावरण के अनुकूल खेती को मिलेगा बढ़ावा

करनाल के केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. आरके यादव ने कहा कि \“इस फार्मूले को नीति का हिस्सा बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। संस्थान ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इस मिश्रण को राष्ट्रीय स्तर पर लागू विचार करने को आग्रह किया है। यदि इसे मंजूरी मिलती है, तो देश के लाखों किसान क्षारीय भूमि सुधार के लिए सस्ता और टिकाऊ विकल्प अपना सकेंगे।\“

  
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162583