फाजिल्का में वकील 27 फरवरी तक हड़ताल पर (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, फाजिल्का। फाजिल्का जिला बार एसोसिएशन ने राज्य स्तरीय निर्णय का समर्थन करते हुए 23 फरवरी से 27 फरवरी तक पूर्ण हड़ताल का ऐलान किया है। यह फैसला 20 फरवरी को आयोजित उस संयुक्त बैठक में लिया गया जिसमें पंजाब के जिलों और तहसीलों की बार एसोसिएशनों के प्रधान और सचिव वीडियो माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में न्यायिक सहायता रक्षा वकीलों की नियुक्ति, ग्राम न्यायालयों की स्थापना तथा इन मामलों में विभागीय समिति की सुस्ती पर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई। इस मौके अध्यक्ष सुतंतर जोत सिंह गिल, उपाध्यक्ष जगदीश कम्बोज, सचिव महावीर भाटीवाल, संयुक्त सचिव जीनेट सेठी और कैशियर प्रदीप कुमार ने कहा कि इन विषयों पर पहले भी कई बार लिखित आपत्तियाँ भेजी गईं, परंतु शिकायत निवारण समिति की उदासीनता के कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।
लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण मामलों पर बैठक न बुलाने और समय पर निर्णय न लेने से पूरे अधिवक्ता समुदाय में गहरा रोष है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना ठोस समीक्षा के लागू किए जा रहे नए प्रावधान न सिर्फ अव्यवहारिक हैं बल्कि वकालत पेशे को कमजोर करने वाले साबित हो रहे हैं।
इस कारण राज्यभर के वकील स्वयं को असहाय, उपेक्षित और पेशेवर रूप से आहत महसूस कर रहे हैं। फाजिल्का बार एसोसिएशन की ओर से विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि पंजाब की सभी बार एसोसिएशन 23 से 27 फरवरी तक पूर्ण हड़ताल करेंगी और इस अवधि में राष्ट्रीय लोक अदालत का भी बहिष्कार किया जाएगा। |