फरीदाबाद जिले में लगभग दो लाख लोग आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने से वंचित हैं।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जिले में लगभग दो लाख लोग आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने से वंचित हैं। जिन लोगों के कार्ड बने हुए हैं, उन्हें भी निशुल्क इलाज लेने के मामले में कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर किसी का आयुष्मान कार्ड गुम हो गया हो तो डुप्लीकेट बनवाने को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हैरानी की बात है कि जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में आयुष्मान केंद्र तो बना है, मगर यहां प्रिंटर नहीं है। ऐसे में कार्ड बनवाने को आने वाले लोगों को कहा जाता है कि वह बाहर से कार्ड बनवा लें। शुक्रवार को कुछ ऐसी ही स्थिति सामने आई।
लोग कार्ड बनवाने को आगे नहीं आ रहे
बता दें कि जिले में अब तक लगभग 7.90 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के अनुसार अभी लगभग दो लाख लोगों के कार्ड बनाए जाने हैं। बहुत से लोग कार्ड बनवाने को आगे नहीं आ रहे हैं।
स्वास्थ्य केंद्रों में 13 आयुष्मान मित्र
कई लोग जब नागरिक अस्पताल आते हैं, तो परेशानी झेलनी पड़ती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त किए गए आयुष्मान मित्र की संख्या कम हैं। नागरिक अस्पताल के आयुष्मान केंद्र में तीन और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में 13 आयुष्मान मित्र हैं। इनका काम कार्ड बनाने में सहयोग करना और कार्डधारकों को इलाज में मदद करना है।
प्रिंटर ही नहीं मिला
फतेहपुर तगा गांव निवासी व आयुष्मान कार्डधारक सुभान को सेक्टर-आठ में एक घर में पेंटिंग का काम मिला था। यहां काम के दौरान वह छत से गिर गए थे। पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वह इलाज के लिए निजी अस्पताल गए थे और वहां उनके हजार रुपये खर्च भी हुए।
बाद में उनका परिवार उन्हें नागरिक अस्पताल ले आया। सुभान की पत्नी सलीमन और बेटी रहमती ने बताया कि उनके कार्ड गुम हो गए थे। नए कार्ड बनवाने को आयुष्मान केंद्र गए थे, मगर उन्हें कहा गया कि बाहर से प्रिंट निकलवा लो। उनके यहां अभी प्रिंटर नहीं है।
एक नजर आंकड़ों पर...
- 7.90 लाख बनाए गए आयुष्मान कार्ड
- 200000 अभी बनाए जाने हैं कार्ड
- 16 हैं जिले में आयुष्मान मित्र
- 8 आयुष्मान मित्र की नियुक्ति प्रस्तावित है
- यह हैं हकदार
जिन लोगों के परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। वह आयुष्मान योजना का लाभ ले सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में कार्ड बनवा सकते हैं। नागरिक चाहें तो अटल सेवा केंद्रों से भी कार्ड बनवा सकते हैं।
“पहले प्रिंटर खराब हो गया था, जोकि अब ठीक हो गया है। कार्डधारकों को अपनी आयुष्मान आईडी याद रखनी चाहिए। इलाज के दौरान आइडी की ही जरूरत पड़ती है। नागरिकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने को आगे आना चाहिए। व्यवस्था को बेहतर करने के लिए हम और आयुष्मान मित्र की नियुक्ति कर रहे हैं। जहां कमी है, वहां आयुष्मान मित्र लगाए जाएंगे।“
-डाॅ. विकास सक्सेना , नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना।
यह भी पढ़ें- कूड़े की लापरवाही पर फरीदाबाद नगर निगम की सख्ती, भवन मालिक भी नहीं बचेंगे
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के इन किसानों के लिए \“लॉटरी\“, ट्रैक्टर खरीदने पर मिलेगा 3 लाख रुपये की सब्सिडी
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में इनोवा कार की टक्कर से बाइक सवार घायल, 24 घंटे बाद गिरफ्तार हुआ फरार ड्राइवर
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में अपना घर पाने का सुनहरा मौका, बुकिंग फिर से शुरू; जल्द करें आवेदन |
|