राज्य ब्यूरो, लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) के क्षेत्र में नौजवानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार 25 लाख नौजवानों को मुफ्त एआइ वर्जन उपलब्ध कराएगी।
इससे नौजवान रोबोटिक्स, ड्रोन प्रशिक्षण, एआइ, डाटा साइंस और मशीन लर्निंग में पारंगत होंगे।
इसके साथ ही स्टार्टअप और इनोवेशन के लिए एआइ हब की स्थापना और शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ ही कृषि के क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए भी सरकार काम करेगी।
एआइ के माध्यम से किसानों को मौसम की जानकारी, मिट्टी का स्वास्थ्य विश्लेषण, फसलों पर कीटों के हमले के पूर्व चेतावनी देने पर भी काम किया जा रहा है। इसके माध्यम से ई-कामर्स के लिए भी युवाओं को तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआइ गेम चेंजर साबित होगा। डाटा ही नई अर्थव्यवस्था की आधारशिला बनेगा। पहले आयल इकोनामी सबसे मजबूत मानी जाती थी अब एआइ बड़ी इकोनामी का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर के क्षेत्र में प्रदेश को हब बनाने की दिशा में हम अग्रसर हैं।
वर्ष 2030 तक पांच गीगावाट क्षमता का डाटा सेंटर बनाएंगे। चार से पांच बड़े डाटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे हाइटेक इको सिस्टम का विकास होगा और इसके माध्यम से रोजगार सृजित होंगे।
‘फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2025’ रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश को ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने डिजिटल इंटरप्रेन्योर योजना का जिक्र किया और बोले-हम लोग आठ न्याय पंचायतों में डिजिटल उद्यमी का चयन करेंगे। इन उद्यमियों में 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी। इन्हें 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
‘क्रिटिकल थिंकिंग’ साबित होगी गेम चेंजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट डाटा सेंटर अथारिटी को प्रदेश के सुप्रीम रेगुलेटर और आर्किटेक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
अथारिटी विभिन्न विभागों से डाटा एकत्रित कर उसे एकीकृत करने के साथ ही विश्लेषण करेगी और नीति निर्माण में उसका उपयोग सुनिश्चित करेगी। ‘क्रिटिकल थिंकिंग’ डाटा को जोड़ने और उसका सार्थक उपयोग ही वास्तविक गेम चेंजर साबित होगी।
नेता प्रतिपक्ष को न लगे शिवपाल का श्राप
मुख्यमंत्री ने कुछ मुद्दों पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के वक्तव्य को लेकर चुटीले अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी। कहा कि माता प्रसाद उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने समाजवादी आंदोलन को निकट से देखा और जिया है।
यह भी कहा कि लगता है ‘चच्चू’ (शिवपाल यादव) का प्रभाव आप पर भी आ गया है। आपकी सरलता, सहजता और विनम्रता सबको आकर्षित करती है। आप स्वस्थ रहें, दीर्घजीवी हों। शिवपाल जी का श्राप आप पर न लगे, मैं यही कामना जरूर करता हूं।
योगी के यह कहते ही माता प्रसाद पांडेय ने हाथ जोड़ लिए। मुख्यमंत्री ने शिवपाल यादव को लठैत बताया। उन्होंने माता प्रसाद को कहा कि आप समाजवादी पार्टी की रीढ़ हैं। आप लोहिया को मानने वाले लोग हैं करीब से देखा है कि आपने सपा को खड़ा करने के लिए बहुत कुछ किया है।
वो अलग बात है कि आपके पीछे शिवपाल जैसे लठैत खड़े थे। उन्होंने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष उम्र के हिसाब से आंकड़ों में घालमेल नहीं करेंगे। कभी-कभी संगत का असर होता है। लगता है चच्चू का असर हो गया है। |
|