search

गुड न्यूज! कश्मीर में बिछेंगी चार नई रेल लाइन, केंद्र सरकार का बड़ा एलान; कश्मीरियों को मिलेगा मुआवजा

Chikheang 1 hour(s) ago views 913
  

कैप्शन: कश्मीर में बिछेगी चार रेल लाइन (सोशल मीडिया फोटो)



जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीर घाटी में रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तरी रेलवे ने चार नई रेल लाइनों के लिए अंतिम लोकेशन सर्वे शुरू किया है। प्रस्तावित नई रेल लाइनों में बारामूला–उड़ी, सोपोर–कुपवाड़ा, अनंतनाग–बिजबिहारा–पहलगाम और काकापोरा–शोपियां रेल मार्ग शामिल हैं।

सरकार ने वीरवार को नई रेल लाइनों की परियोजनाओं के बारे में यह जानकारी दी। विधानसभा में विधायक जावेद हसन बेग के एक सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि उक्त सभी रेल मार्गों का एलाइनमेंट संबंधित जिला प्रशासन के साथ परामर्श करके अंतिम रूप दे दिया गया है और परियोजनाओं के लिए भूमि की आवश्यकता का आकलन किया गया है।
कश्मीरियों को दिया जाएगा मुआवजा

परिवहन विभाग की ओर से बताया गया कि इन परियोजनाओं के स्वीकृत होने के बाद भूमि अधिग्रहण, पेड़ों के लिए प्रभावित लोगों को नियमों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

उपजाऊ कृषि भूमि के उपयोग और प्रभावित किसानों के पुनर्वास को लेकर उठी चिंताओं पर सरकार ने आश्वासन दिया कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान कानूनी प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों को लेकर सरकार ने कहा कि केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद पर्यावरण नीति और नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक शमन उपाय किए जाएंगे। इसमें वनों की कटाई, मिट्टी का कटाव, जल संसाधनों में बाधा और पारिस्थितिकी संतुलन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।
परियोजना को गंभीरता से लिया जाएगा

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजनाओं को लागू करने के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय रेलवे के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके। जिला प्रशासन स्थानीय मुद्दों के समाधान और निर्धारित मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परियोजना के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। परियोजना पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164895